यूपी: पंचायत का फरमान, भाई-बहन की तरह रहें प्रेमी युगल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संभल के असमोली थाना क्षेत्र में पंचायत का फरमान प्रेमी युगल पर भारी पड़ गया। पंचों ने दोनों के प्रेम संबंधों को खारिज कर दिया और भाई-बहन की तरह रहने का फरमान सुना डाला।
इसके बाद भी जब पंचों का मन नहीं भरा तो युवती से युवक को पिटवाया और दबाव डालकर भाई तक कहलवाया। यह पूरा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव ने इस संबंध में जानकारी होने से इनकार किया।
असमोली क्षेत्र के एक युवक का पड़ोसी गांव की युवती से प्रेम संबंध था। परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों पर पाबंदी लगा दी लेकिन वे छुपकर मिलते रहे और कुछ दिन पहले जैसे ही दोनों को मौका मिला, वे घर छोड़कर फरार हो गए।
पंचायत ने प्रेम संबंधों को किया खारिज
घरवालों की शिकायत पर असमोली थाना पुलिस ने प्रेमी को पकड़कर शांतिभंग के आरोप में जेल भेज दिया था और युवती को उसके परिवार वालों को सौंप दिया था।
दो दिन पहले युवक जेल से छूटकर आया और युवती को अपने साथ ले गया। अपनी ननिहाल में युवती को छोड़ आया। युवती के परिवारवालों ने युवक को पकड़ लिया और पूछताछ की। साथ ही उसकी पिटाई भी की।
रविवार की रात करीब दस बजे गांव में पंचों को बुलाया गया और इस मामले में पंचायत बैठी। पंचों ने युवक और युवती को भी बुला लिया।
पंचायत ने दोनों के प्रेम संबंधों को खारिज कर दिया और आदेश दिया कि युवक व युवती को भाई-बहन की तरह रहना चाहिए। साथ ही युवती के हाथों युवक की पिटाई भी कराई। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।