मोदी का मुरीद हुआ पाक मीडिया, शरीफ को जमकर कोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमेरिकी दौरा भारत में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तानी मीडिया में भी खूब छाया है। यहां के एक अखबार ने मोदी को एक चतुर राजनीतिज्ञ बताते हुए कहा है कि अमेरिका में उनका हर जगह एक स्टार के तौर पर स्वागत किया गया।
अखबार ने यूएन समिट के इतर मोदी की सक्रियता के बहाने अपने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर भी निशाना साधा है। संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास समिट में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही अन्य देशों के अलावा पाक पीएम नवाज शरीफ भी पहुंचे हैं।
‘द नेशन’ अखबार ने अपने संपादकीय में जहां पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है, वहीं, उनके बहाने अपने प्रधानमंत्री को कोसा है। अखबार ने लिखा है, ‘एक तरफ भारत के मोदी कई समारोह और कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं और अपनी बात रख रहे हैं, वहीं, हमारे प्रधानमंत्री (शरीफ) के पास अपनी बात रखने के लिए सिर्फ यूएन का मंच है।
मीडिया की नसीहत, मोदी से सीखे पाकिस्तान
संपादकीय में मोदी के गूगल और फेसबुक टाउनहॉल जाने का भी जिक्र किया गया है। पूछा है कि मोदी सिलिकन वैली के सीईओ को भारत में निर्माण करने को न्योता दे रहे हैं और हमारे प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं।
मोदी से सीखे पाकिस्तान: द नेशन ने अपने संपादकीय में लिखा है कि पाकिस्तान को मोदी की चाल और इशारों से सीखने की जरूरत है। संपादकीय में कहा गया है मोदी अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी देने में कुशल हैं। वहीं, दूसरी तरफ हम (पाक) अपनी पुरानी धारणाओं में बंधे हुए हैं।
भारत की मदद कर रहा अमेरिका: संपादकीय में कहा गया है कि अमेरिका भारत का सैन्य पक्ष मजबूत करने में मदद कर रहा है। मोदी का लक्ष्य भारतीय सेना को मजबूती देना है। उनके पास योजना है और हमारे पास क्या है।