'पाकिस्तान भारत के खिलाफ इस्तेमाल करेगा F-16'
जहां एक ओर अमेरिका पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमान बेचने की तैयारी कर रहा है, वहीं देश के पूर्व राजनयिक ने कांग्रेस को चेताया है कि यह लड़ाकू विमान पाकिस्तान भारत के खिलाफ इस्तेमाल करेगा, न कि आतंकवाद के खिलाफ।
हुसैन हक्कानी ने ऐसे सैन्य उपकरणों के बेचे जाने और कथित सिविल न्यूक्लियर डील को पाकिस्तान की सेना के प्रति तुष्टीकरण की नीति कहा है।
उन्होंने अमेरिका से कहा है कि वह पाकिस्तानी नेताओं को कहे कि भारत से प्रतिद्वंद्विता की चाहत वैसी ही है जैसे बेल्जियम फ्रांस और जर्मनी के साथ प्रतिद्वंद्विता करने की कोशिश कर रहा है।
दक्षिण एशिया विवाद को मिलेगी हवा
अमेरिका में पाकिस्तानी राजदूत रह चुके हुसैन हक्कानी ने कहा है कि ओबामा प्रशासन की तरफ से पाकिस्तान के साथ न्यूक्लियर डील की बात से दक्षिण एशिया में विवाद को हवा मिलेगी।
यह फैसला ठीक उस फैसले जैसा है जिसमें कुछ महीने पहले करीब 65 अरब रुपयों से तैयार लड़ाकू हेलिकॉप्टर, मिसाइल और अन्य उपकरण पाकिस्तान को बेचे थे।
हक्कानी ने कहा कि इस तरह से इस्लामिक स्टेट से लड़ने में देश की मदद करने और परमाणु हथियारों को सीमित करने के उद्देश्य को भी पूरा नहीं किया जा सकेगा।