म्यांमार ऑपरेशन से बौखलाया पाक
म्यांमार की सीमा में घुसकर पूर्वोत्तर के उग्रवादियों के खिलाफ सेना की कार्रवाई से पड़ोसी देश पाकिस्तान सकते में आ गया है। रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने पाकिस्तानी बयानबाजी पर कहा कि डरने वालों ने अब प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया है।
उधर, पाक की सीनेट ने बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से एक निंदा प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बांग्लादेश में दिए बयान और म्यांमार ऑपरेशन के बाद अन्य भारतीय नेताओं के बयानों को दोषपूर्ण बताया है। सदन के नेता राजा जफरुल हक की ओर से पेश प्रस्ताव के मुताबिक, भारत की इस तरह की कोशिशें अस्वीकार्य हैं।
संसद का उच्च सदन इस बात पर बल देना चाहता है कि पाकिस्तान कभी किसी भी बहाने से क्षेत्र का भारत द्वारा उल्लंघन नहीं होने देगा। भारत की ओर से म्यांमार ऑपरेशन का जिक्र किए बिना कहा गया कि पाकिस्तान के सशस्त्र बल किसी भी घुसपैठ का मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम हैं।
छोटी कार्रवाई ने बदल दिया है भारत के प्रति नजरिया
इधर, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने कहा है कि उग्रवादियों के खिलाफ छोटी सी कार्रवाई ने भारत की सुरक्षा से संबंधित मानसिकता को बदल दिया है।
परिकर ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि इस कार्रवाई से डरने वालों ने प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को परिकर ने कहा कि सोचने के तरीकों में बदलाव से बहुत कुछ बदल सकता है। इस कार्रवाई के बाद भारत के प्रति सोच में अचानक बदलाव आया है।
हालांकि, परिकर ने इस ऑपरेशन का तकनीकी ब्यौरा देने के इनकार कर दिया। गौरतलब है कि सूचना प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा था कि म्यांमार में घुस कर उग्रवादियों को मार गिराने की कार्रवाई दूसरे देशों के लिए भी चेतावनी है।
इस पर पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री नासिर अली खान ने प्रतिक्रिया दी कि पाकिस्तान म्यांमार नहीं है। लिहाजा भारत के इस तरह के दुस्साहस पर पाकिस्तान शांत नहीं बैठेगा।