पाक ने हैक की भारत की वेबसाइट और लिखी चुनौती
भारतीय सेना और पैरा मिलिट्री फोर्सेस की लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर सख्ती से पाकिस्तान अब साइबर घुसपैठ पर उतर आया है। पाकिस्तान के हैकर्स ने कपूरथला की सरकारी वेबसाइट www.kapurthala.net.in हैक करके डाटा चुरा लिया और उस पर आईएसआई का बखान भी किया है।
सोमवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे पाकिस्तान के हैकर्स ने कपूरथला की सरकारी वेबसाइट हैक कर ली। जैसे ही वेबसाइट को खोला गया तो उस पर पंगेबाज कोबरा के नाम से पाकिस्तान का भारतीय सेना के नाम स्पेशल मैसेज लिखा हुआ था।
उसमें उन्होंने भारतीय सेना को आईएसआई की ताकत का हवाला देते हुए चुनौती दी। संदेश के अंत में हैक्ड बाय... में पाक कोबरा वॉयस ओर पाकिस्तान ऑल मुस्लिम ब्रदर्स एंड पाकिस्तान हैकर्स लिखा हुआ है।
कोबरा के नाम से सेना के लिए लिखा चुनौती भरा संदेश
जिला प्रशासन ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर सिक्योरिटी कोड नहीं लगाया था। मामला सामने आने के बाद डीसी ने आईटी सेक्शन से वेबसाइट को ब्लॉक करवाकर सिक्योरिटी कोड लगवाया है।
वेबसाइट पर जिले के भौगोलिक क्षेत्रफल के अलावा तमाम डाटा सुरक्षित है, जिसे पाकिस्तानी हैकर्स ने चुरा लिया है। कपूरथला में कैंटोनमेंट एरिया के अलावा भारतीय सेना के वेपन भी रखे हुए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन की लापरवाही खतरे का सबब बन सकती है।
'वेबसाइट हैक होने का पता चलते ही उसे ब्लाक करवा दिया गया है और तुरंत आईटी सेक्शन से सिक्योरिटी कोड लगवा दिया गया है।'
-डीएस मांगट, डीसी
'आईएसआई बार्डर पर सख्ती के बाद साइबर घुसपैठ की चेष्टा कर रही है, लेकिन सेना हर स्थिति से निपटने में पूरी तरह से सक्षम हैं।'
- नरेश विज, पीआरओ डिफेंस