उधर मोदी-शरीफ की मुलाकात, इधर पाक मंत्री की चेतावनी
एक ओर जब रूस के उफा में अपने रिश्ते सुधारने की दिशा में भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बातचीत में जुटे हुए थे, उसी समय पाक के वित्त मंत्री इसहाक डार ने भारत को चेतावनी दे रहे थे कि कि किसी भी आक्रमण की स्थिति में उसे माकूल जवाब दिया जाएगा।
डार शुक्रवार को सीनेट में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की सीनेटर सासुई पालिजो की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। पालिजो भारतीय सैनिकों की ओर से कथित तौर पर भीषण गोलाबारी के कारण सीमावर्ती इलाकों में बुनियादी ढांचे के नुकसान की ओर ध्यान आकर्षित करना चाह रही थीं।
कहा, भारत के गले नहीं उतर रहे चीन-पाक के आर्थिक संबध
अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, डार ने कहा कि भारत को पाकिस्तान की आर्थिक समृद्धि पर बुरी निगाह नहीं डालनी चाहिए। पाकिस्तानी वित्त मंत्री ने कहा कि चीन-पाक आर्थिक गलियारे की परियोजना भारत के गले नहीं उतर रही है।
उन्होंने कहा कि हम किसी भी आर्थिक हो या युद्ध के मोर्चे पर हर भारतीय आक्रमण का उचित जवाब देंगे। डार ने कहा कि भारत ने जब इस गलियारे पर अपनी चिंता जाहिर की तो चीन ने भारत की चिंता को सिरे से खारिज कर दिया।
चीन ने मोदी को लाल झंडा दिखा दिया। वित्त मंत्री ने कहा, हमने अपनी आंखे बंद नहीं कर रखी हैं। भारत के लिए नरम रुख नहीं है। हमारा भारत को लेकर कोई नरम रुख नहीं है और न ही हम भिखारी हैं।