अनुपम को पाकिस्तान ने नहीं दिया वीजा, बढ़ा विवाद
बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर को पाकिस्तान ने वीजा देने से इंकार कर दिया है। उन्हें कराची लिटरेचर फेस्टिवल में शामिल होने के लिए जाना था।
कराची लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजकों ने भारत से 18 प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया था। अनुपम खेर के मुताबिक उन्होंने पाकिस्तानी वीजा के लिए आवेदन दिया लेकिन उसे खारिज कर दिया गया।
अनुपम खेर ने बताया कि वीजा नहीं मिलने से मैं बहुत दुखी हूं। आमंत्रित किए गए 18 प्रतिनिधियों में से 17 को वीजा दिया गया। लेकिन मुझे नजर अंदाज कर दिया गया।
दूसरी ओर इस मामले में पाकिस्तानी उच्चायोग की ओर से कहा गया कि अनुपम खेर ने वीजा के लिए आवेदन ही नहीं किया था। अगर वो वीजा के लिए आवेदन करते तो जरूर दिया जाता।
नहीं मिला था वीजा के लिए आवेदन: पाक उच्चायोग
कराची लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजकों ने पाकिस्तान उच्चायोग की ओर से की गई टिप्पणी को खारिज कर दिया है।
फेस्टिवल की आयोजक अमीना सैयद ने एबीपी न्यूज से बातचीत के दौरान कहा कि अनुपम खेर के लिए वीजा का आवेदन दिया गया था, लेकिन पाकिस्तान उच्चायोग ने उनका आवेदन खारिज कर दिया। इसके पीछे क्या वजह थी इसके बारे में भी उच्चायोग की ओर से कुछ बताया नहीं गया।
बता दें कि कराची लिटरेचर फेस्टिवल के कार्यक्रम के मुताबिक 5 फरवरी को अनुपम खेर को इसमें शामिल होना है। हालांकि अब वीजा विवाद के चलते उनके इस कार्यक्रम में शामिल होने पर सस्पेंस गहरा गया है।
आखिर अनुपम खेर को वीजा क्यों नहीं दिया गया ये साफ नहीं हुआ है। अनुपम खेर बॉलीवुड एक्टर हैं। उन्हें हाल ही में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया है।