पाक आतंकियों के घुसने की आशंका, अलर्ट
किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से पाकिस्तान सीमा से 15 आतंकियों के भारत में घुसपैठ की आशंका है। केन्द्रीय खूफिया एजेंसियों की सूचना के चलते गृह मंत्रालय ने देशभर में अलर्ट जारी किया है।
एजेंसियों ने घुसपैठ के स्थान को लेकर कोई खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार राजस्थान सीमा से घुसपैठ को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
ऐसे में राजस्थान एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने जोधपुर और जयपुर पुलिस कमिशनर समेत दूसरे जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने को कहा है। बीएसएफ ने भी जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर जिलों की भारत-पाक सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है।
खुफिया एजेंसियों के मुताबिक ये आतंकी प्रशिक्षित है और बम व हथियार बनाने में माहिर हैं। ये भी आशंका जताई है कि ये आत्मघाती हमलों को भी अंजाम दे सकते हैं।
अलर्ट के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
एटीएस के पुलिस को लिखे पत्र के अनुसार ये आतंकी आने वाले त्योहारों के अवसर पर बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। आतंकी प्रशिक्षित होने के कारण एके-47 जैसे हथियार भी चला सकते हैं।
अलर्ट के बाद महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का सुझाव दिया गया है। सुरक्षा को लेकर आईबी और एटीएस के अधिकारियों ने बैठक भी की। पुलिस ने सीमा के सटे इलाकों की पुलिस चौकियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इधर, अलर्ट को देखते हुए बीएसएफ ने अपने जवानों को पाकिस्तान की हर हरकत पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसएफ ने सीमा के नजदीक रहने वाले लोगों को हर समय आई कार्ड साथ रखने की अपील की है।
एटीएस के एडीजी आलोक त्रिपाठी ने बताया, "विभिन्न खुफिया एजेंसियों की सूचना के आधार पर ये अलर्ट जारी किया गया है। यह एक रुटिन अलर्ट है। एजेंसियों की सूचना में घुसपैठ के लिए भारत-पाक सीमा के किसी विशेष हिस्से का उल्लेख नहीं किया गया है। घुसपैठ कहीं से भी हो सकती है।"