पाक का कश्मीर राग, कहा अविभाज्य हैं पाकिस्तान और कश्मीर
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में कराए जा रहे मतदान पर भारत की नाराजगी के बीच पाक सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ ने कहा है कि कश्मीर 1947 में हुए देश विभाजन का ‘अधूरा एजेंडा’ है। पाकिस्तान और कश्मीर ‘अविभाज्य’ हैं। यहां नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी (एनडीयू) में कैडटों को संबोधित करते हुए शरीफ ने कहा कि कश्मीर विभाजन का अधूरा रह गया एजेंडा है।
पाकिस्तान और कश्मीर अविभाज्य हैं।’’ उन्होंने भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंधों को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के तहत कश्मीर मुद्दे को हल किये जाने से जोड़ते हुए कहा, ‘जहां हम क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहते हैं, वहीं हम इस क्षेत्र में स्थायी शांति कायम करने के लिये कश्मीर मुद्दे का संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव और कश्मीरी जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप उचित समाधान करने के पक्षधर हैं।’
'किसी भी युद्घ को सक्षम है पाक'
राहील के भाषण के कुछ हिस्सों को सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल असीम सलीम बाजवा ने ट्वीट किया। युद्धों का जिक्र करते हुए राहील ने कहा कि भविष्य में होने वाले युद्धों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, लेकिन पाकिस्तान अपना बचाव करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि हमारे शत्रु अर्ध पारंपरिक संघर्षों को उकसाने और हमारे देश को अस्थिर करने के लिये आतंकवाद का समर्थन कर रहे हैं। हम घृणित मंसूबों को नाकाम करने के लिये पूरी तरह प्रतिबद्ध और सक्षम हैं।
उन्होंने अन्य देशों के खिलाफ छद्म युद्ध का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान किसी भी अन्य देश के खिलाफ छद्म युद्ध का विरोधी है और किसी अन्य देश को भी पाकिस्तान के खिलाफ छद्म युद्ध की अनुमति नहीं देगा।
राहील का बयान पाकिस्तान और भारत के बीच बढ़ती जुबानी जंग के बीच आया है। पाकिस्तान ने बार बार आरोप लगाया है कि भारत की खुफिया एजेंसी रॉ पाकिस्तान में उग्रवाद को बढ़ावा दे रही है। भारत ने हमेशा ही ऐसे आरोपों से इनकार किया है। चीन के साथ 46 अरब डॉलर के आर्थिक गलियारे पर भारत की आपत्ति से भी पाकिस्तान परेशान हुआ है। भारत ने पाक अधिकृत कश्मीर से होकर गुजरने वाली इस परियोजना को लेकर चीन से आपत्ति जतायी है।