'अयोध्या में मंदिर नहीं मस्जिद बनेगी'
बाबरी मस्जिद की 23वीं बरसी पर नेताओं के जहर बुझे बोलों का सिलसिला जारी है। एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने भागवत को चुनौती देते हुए कहा कि अध्योध्या में मंदिर नहीं मस्जिद ही बनाई जाएगी।
ओवैसी ने आरोप लगाया भागवत इस मुद्दे पर गलत बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं इस दौरान हैदाराबाद के सांसद ओवैसी ने बंद का भी आह्वान किया है।
ओवैसी ने कहा कि भागवत इस मुद्दे पर कुछ भी कहते रहेंगे विवादित स्थल पर मस्जिद ही बनाई जाएगी। वहां कोई मंदिर कभी नहीं बन सकता। यह मुद्दा अभी अदालत में है जिस पर फैसला आना बाकी है, ऐसे में भागवत इस पर कोई बयान देकर अदालत की अवमानना ही कर रहे हैं।
केन्द्र सरकार की भी की आलोचना
आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहदा मुस्लिमीन के नेता ओवैसी ने इस दौरान केन्द्र सरकार को भी घेरा, कहा- केन्द्र की भाजपा सरकार अपने किए सभी वादों को पूरा करने में असफल रही है। न महंगाई कम हुई और न ही बेरोजगारों को रोजगार मिला है। वहीं ओवैसी के बंद के आह्वान के दौरान हैदराबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
क्या कहा था भागवत ने
अयोध्या में बाबरी मस्जिद की बरसी से पहले संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भी बयान देकर कहा था कि अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर ही बनाया जाएगा।
उन्होंने विहिप के संस्थापक अशोक सिंघल को याद करते हुए कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण से ही उन्हें असली श्रद्धाजंलि मिलेगी। वहीं बरसी के मौके पर आज देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हर जगह पुलिस और सुरक्षा बल एहतियात बरत रहे हैं। मुस्लिम संगठन इस दिन को जहां शोक दिवस या काला दिन के रूप में मनाते हैं वहीं हिंदू संगठन इसे शौर्य दिवस के रूप में मनाते हैं।