किसने कहा, संघ ‘अविवाहितों का अड्डा’, न दे फरमान
एमआईएम के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने एक विवादास्पद बयान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को ‘अविवाहितों का अड्डा’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि जो लोग ज्यादा बच्चे पैदा करने की वकालत कर रहे हैं उन्हें ऐसा कहने का अधिकार नहीं है क्योंकि वे स्वयं अविवाहित हैं।
ओवैसी ने सांप्रदायिक राजनीति से लड़ने के लिए सभी मुसलमानों से एकजुट होने का भी आह्वान किया। हिंदुओं से चार-चार बच्चे पैदा करने की बात कहने वाले संघ और भाजपा से जुड़े नेताओं के नाम लिए बिना तेलंगाना विधानसभा में एमआईएम के नेता ओवैसी ने कहा कि उन्हें यह बताना चाहिए कि क्या बच्चों को शिक्षा और रोजगार दिलाने के लिए पर्याप्त संसाधन है।
औवशी ने किया संघ पर कड़ा हमला
यहां ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के 57वें स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि संघ प्रचारक कभी शादी नहीं करते। यह संघ नहीं बल्कि अविवाहितों का अड्डा है।
वे कभी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार नहीं होते हैं। जीवन में कभी परेशानी का सामना नहीं करते। उन्हें पत्नी और बच्चों को होने वाली दिक्कतों के बारे में पता नहीं, लेकिन दूसरों को चार बच्चे पैदा करने की सलाह देते हैं।
उन्होंने मुस्लिमों से अपने अधिकार के लिए एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अगर वे एकजुट नहीं होंगे तो ऐसी संभावना है कि मुस्लिमों की पहचान खतरे में पड़ जाए।