CM के बेटे पर यौन शोषण का आरोप
बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे प्रवीण मांझी पर लगा है यौन शोषण का आरोप। बिहार में प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी इस मुद्दे पर मांझी को घेर रही है और उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।
बीजेपी ने सीएम के बेटे पर आरोप लगाया कि उन्होंने बोधगया के एक होटल में महिला पुलिसकर्मी का यौन शोषण किया और अपने पिता के रसूख का फायदा उठा कर मामले को रफा दफा कर दिया।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक ऐसा नहीं था कि महिला पुलिसकर्मी पहली मर्तबा प्रीण के साथ होटल में पहुंची हो। वह लोग एसयूवी में सवार होटर होटल पहुंचे थे। प्रवीण ने अपने गनर को होटल के बाहर ही छोड़ा था।
बीजेपी पुलिस पर कुछ ना करने का आरोप लगा रही है जबकि पुलिस का कहना है कि किसी ने प्रवीण के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
प्रवीण मांझी और होटल मालिक के बीच हुई थी नोक-झोंक
TOI ने पुलिस सूत्रों के मुताबिक छापी खबर में बताया है कि महिला बिहार मिलिट्री पुलिस में कार्यरत है। प्रवीण और महिला (सादे कपड़ों में) मंगलवार की शाम बोधगया के होटल पहुंचे थे।
प्रवीण ने मैनेजर से डीलक्स सुइट की मांग की थी। प्रवीण की पहचान जानते ही उनकी मांग को तुरंत पूरा कर दिया गया। हालांकि प्रवीण के ऊपर कुछ बकाया था जिसके चलते होटल मालिक से उनकी तकरार भी हो गई थी।
खबर के मुताबिक होटल स्टाफ ने दोनों (प्रवीण और महिला) को कमरे में बंद कर दिया था। उन्हें तभी छोड़ा गया जब प्रवीण ने 6000 रुपये चुका दिए।
पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं
गया के एसएसपी निशांत तिवारी ने बतचाया कि उनके पास अभी तक किसी वीवीआईपी बेटे के खिलाफ किसी महिला द्वारा कोई शिकायत नहीं है।
दूसरी ओर बोधगया होटल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने भी ऐसे कांड की कहानियां सुनी हैं लेकिन अभी तक किसी होटल मालिक ने भी कोई शिकायत नहीं की है।
गुरूवार को बीजेपी ने नैतिक आधार पर मांझी का इस्तीफा मांगा। धीरे धीरे ये मामला गरमा रहा है और आने वाले दिनों में ये जीतनराम मांझी के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।