एक पैराग्राफ के बॉयोडेटा में ही अध्यक्ष बन गए 'युधिष्ठिर'
क्या सरकार ने अभिनेता गजेंद्र चौहान को उनके मात्र एक पैरा वाले उस सीवी के आधार पर प्रतिष्ठित भारतीय फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) का अध्यक्ष चुन लिया जिसमें मशहूर धारावाहिक महाभारत में युधिष्ठिर की भूमिका का जिक्र था।
आरटीआई के जवाब में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से मिली फाइल नोटिंग की प्रति को देखने पर ऐसा ही लगता है। नोटिंग में कहा गया है कि गजेंद्र चौहान वह अभिनेता हैं जो टीवी धारावाहिक महाभारत में युद्धिष्ठिर की भूमिका के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने करीब 150 फिल्मों और 600 से अधिक टीवी धारावाहिकों में काम किया। आवेदनकर्ता ने गजेंद्र चौहान की शैक्षणिक और पेशेवर योग्यता के बारे में जानकारी मांगी थी जिनको आधार बनाकर उन्हें एफटीआईआई का अध्यक्ष चुना गया।
कई और बड़े नामों पर हुआ था विचार
मंत्रालय की ओर से मुहैया कराए गए 281 पेज के रिकॉर्ड में उन सभी के
बायोडाटा का विवरण शामिल हैं जो एफटीआईआई अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित
नामों में शामिल थे।
इसमें चौहान की योग्यता से जुड़ा संदर्भ सिर्फ एक पैरा
में दिया है। चौहान की नियुक्ति से जुड़ी फाइल नोटिंग में है कि इस पद के
लिए अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, विधु विनोद चोपड़ा, जाहनुबरुआ, राजू हिरानी,
जया बच्चन, अडूर गोपालकृष्णन, रमेश सिप्पी, गोविंद निहलानी और आमिर खान
जैसे बड़े नामों पर विचार किया गया था।