मीटिंग के दौरान 'सुहागरात' में व्यस्त रहा ये अफसर
यूपी में विकास कार्यों को लेकर अधिकारी कितने गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रमुख सचिव की मीटिंग में एक अधिकारी अपने मोबाइल पर एप डाउनलोड करने में लगे रहे।
इस दौरान उनकी फोटो भी कैमरे में कैद हो गई। मामला उछलने पर डीएम ने सीडीओ को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। नगर विकास मंत्री आजम खां भी कास कार्यों को लेकर गंभीरता दिखाते रहे हैं। मगर, रामपुर में तैनात अफसर विकास कार्यों को लेकर गंभीर नहीं दिखते हैं।
बुधवार को प्रमुख सचिव की बैठक में कई अफसर मोबाइल पर ही व्यस्त रहे। बुधवार को प्रमुख सचिव होमगार्ड भूपेंद्र सिंह कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के संग मिलकर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
मोबाइल पर डाउनलोड करने लगा 'सुहागरात कैसे मनाएं' एप
मीटिंग शुरू होते ही प्रमुख सचिव ने यह आदेश दिए थे कि सभी अफसर अपना मोबाइल फोन साइलेंट पर लगा लें या फिर बंद कर दें। इस दौरान कुछ अफसर अपने मोबाइल पर उंगलियां थिरकाते रहे।
पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने तो हद ही कर दी। उन्होंने मोबाइल साइलेंट नहीं किया। उन्होंने अपने मोबाइल पर सुहागरात कैसे मनाएं एप डाउनलोड करना शुरू दिया। जब वो एप डाउनलोड कर रहे थे तो उन पर एक कैमरे वाले की नजर पड़ गई और उनकी तस्वीर कैद हो गई।
जिलाधिकारी कर्ण सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला आया है। प्रमुख सचिव ने मोबाइल बंद करने के आदेश दिए थे। इसके बाद भी मोबाइल बंद नहीं किया, बल्कि मोबाइल पर डाउनलोडिंग की जा रही थी। यह एक गंभीर मामला है। फिलहाल इस मामले की जांच सीडीओ को सौंप दी गई है। उनसे इस मामले की रिपोर्ट तलब कर ली गई है।
दूसरी ओर पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अभिषेक कुमार का कहना है कि वो अपना मोबाइल देख जरूर रहे थे, लेकिन कोई एप डाउनलोड नहीं कर रहे थे। गलतफहमी की वजह से लग रहा है कि वो मोबाइल पर कोई एप डाउनलोड कर रहे थे।