NSA: पाक मीडिया ने भारत के सर फोड़ा ठीकरा
भारत के साथ होने वाली एनएसए स्तर की वार्ता से पीछे हटने वाला पाकिस्तान और वहां के मीडिया के बारे में ‘चोरी ऊपर से सीनाजोरी’ की कहावत सच साबित हो रही है।
पाक मीडिया भी अपने देश की सरकार के साथ सुर में सुर मिलाते हुए एनएसए स्तर की वार्ता रद्द होने का दोष भारत पर मढ़ रहा है। पाक मीडिया का कहना है कि उसके देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज के नई दिल्ली जाने से पहले भारत ने शर्तें मढ़ दी थीं, जिससे यह वार्ता नहीं हो सकी।
पाक के प्रमुख अखबार डॉन ने भारत पर आरोप मढ़ते हुए लिखा कि अजीज आतंकवाद और सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ चर्चा करने वाले थे, मगर भारत ने पाक से कहा कि अजीज कश्मीरी अलगाववादियों से नहीं मिलने की प्रतिबद्धता जताएं।
भारत को करारा जवाब!
भारत के इसी अड़ियल रुख की वजह से अजीज का यह दौरा रद्द करना पड़ा। वहीं,
न्यूज इंटरनेशनल ने अपनी हेडलाइन दी है ‘पूर्व शर्तों पर कोई बातचीत नहीं,
पाक ने भारत से कहा’।
इस रिपोर्ट में अखबार ने कहा है कि बगैर नई दिल्ली के
‘आदेश’ का इंतजार किए पाकिस्तान ने भारत को करारा जवाब दिया है कि उसके
द्वारा पहले से लगाई गई शर्तों के आधार पर कोई बातचीत नहीं होगी।
अखबार
लिखता है कि अच्छा है कि शब्दों की जंग शनिवार को ही खत्म हो गई। द
एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने कहा है कि वार्ता रद्द होने से ‘भारत-पाक के रिश्ते
सामान्य बनाने की कोशिशों को झटका लगा है।’
भारत का अड़ियल रवैया
वहीं, एक और अखबार द नेशन ने
अपने पहले पेज पर हेडलाइन दी है, ‘भारत की जिद ने शांति की उम्मीद की हत्या
कर दी’। अखबार ने कहा है कि भारत के अड़ियल रवैये की वजह से ही यह वार्ता
टूटी।
पाक के उर्दू मीडिया और टीवी चैनल भी भारत पर वार्ता टूटने का ठीकरा
फोड़ रहे हैं। पाक मीडिया में कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
और उनकी सरकार पाक के साथ इस वार्ता को लेकर गंभीर नहीं थी।
जो भी
थोड़ी-बहुत कोशिश थी, वे इसका इस्तेमाल अपने देशवासियों को संतुष्ट करने के
लिए ही कर रहे थे।