अन्ना को मिली जान से मारने की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ पैदल मार्च निकालने की तैयारी में जुटे गांधीवादी अन्ना हजारे को सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर कनाडा में रहने वाले एक अप्रवासी भारतीय ने धमकी दी है। धमकी के बाद एफआईआर दर्ज कर अन्ना की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने बुधवार को कहा कि एनआरआई गगन विधु ने फेसबुक पर लिखा, ‘अन्ना हजारे की हत्या का समय आ गया है। मैं अगला नाथूराम गोडसे होऊंगा।’
मुंबई के नजदीक कल्याण में रहने वाले 57 वर्षीय अशोक गौतम को भी उनके फेसबुक अकाउंट में पिछले तीन सप्ताह से कई बार ऐसे संदेश मिले हैं। गौतम अन्ना के आंदोलन से जुड़े हैं। इसके बाद उन्होंने मंगलवार रात को इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
अन्ना की सुरक्षा कड़ी कर दी
इस बारे में महात्मा फूले चौक पुलिस थाने के निरीक्षक डीएम कटके ने कहा कि कनाडा में रहने वाले दो लोगों गगन विधु और उसके दोस्त नील के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उनके खिलाफ आपराधिक ध्येय और सूचना तकनीक कानून के तहत मुकदमा दर्ज करवाया गया है। विधू ने धमकी पोस्ट की थी, जबकि उसके साथी ने इसका समर्थन किया।
अन्ना हजारे नौ मार्च को वर्धा के सेवाग्राम में अपने समर्थकों के साथ बैठक करने वाले हैं। वहीं से वह भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ पद यात्रा शुरू करने की घोषणा करेंगे। यह धमकी भरा संदेश 24 फरवरी को पोस्ट किया गया था। उसी दिन हजारे ने विवादित भूमि अधिग्रहण कानून के खिलाफ दिल्ली में दो दिवसीय धरना शुरू किया था।
पुलिस उस आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुटी है, जिससे धमकी भरा संदेश भेजा गया। हालांकि, नरेंद्र दाभोलकर और वामपंथी नेता गोविंद पानसरे की हत्या मामले को सुलझाने में विफल रही पुलिस ने 77 वर्षीय हजारे की सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि गांधीवादी समाजसेवी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।