अब ई टिकट के जरिए कीजिए ताजमहल के दीदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छुट्टी एवं सप्ताहांत के दौरान अगर आपने ताजमहल का भ्रमण किया है, तो वहां प्रवेश टिकट लेने के लिए लगने वाली लंबी लाइन से आप अनजान नहीं होंगे।
इस लंबी भीड़ से निजात दिलाने के लिए सरकार ने ई टिकट का रास्ता प्रशस्त किया है ताकि दर्शक पहले से टिकट लेकर वहां जा सकें। यह सुविधा दिल्ली के हुमायूं के मकबरे के लिए भी शुरू की गई है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ महेश शर्मा ने शुक्रवार को यहां इस सुविधा की शुरुआत की। इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने रेल मंत्रालय की कंपनी भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) से हाथ मिलाया है।
इसके तहत दर्शक इंटरनेट पर भुगतान कर टिकट प्रिंट कर सकते हैं। इस टिकट में एक बार कोड होगा, जिसे ताजमहल के गेट पर लगी मशीन रीड कर लेगी।
हुमायूं के मकबरे की भी मिलेगी ई टिकट
महेश शर्मा ने बताया कि अगर लोगों ने इस सुविधा को पसंद किया जो एएसआई के अन्य धरोहर स्थलों (जिसमें प्रवेश के लिए टिकट लगता है) के टिकट भी ऑनलाइन मिलने लगेंगे।
हालांकि इंटरनेट से टिकट कटाना महंगा पड़ेगा क्योंकि इस पर एएसआई द्वारा तय टिकट दर के अलावा डेबिट/क्रेडिट कार्ड पर देय सरचार्ज भी लगेगा।
यदि कोई ग्राहक नेट बैंकिंग से टिकट ले रहा है, तो उसे नेट बैंकिंग का चार्ज देना होगा। आईआरसीटीसी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि फिलहाल इसके लिए कंपनी कोई सेवा शुल्क नहीं ले रही है।
इस साल आए 68 लाख विदेशी पर्यटक
पर्यटन मंत्री के मुताबिक सरकार के प्रयास से विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इसमें और बढ़ोतरी के लिए बहुत से देशों के पर्यटकों के लिए पहुंचते ही वीजा की सुविधा शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि जनवरी से नवंबर 2014 तक भारत में 68 लाख विदेशी पर्यटक आए जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 7.1 फीसदी ज्यादा है। यह संख्या अब तक की सर्वाधिक है।