'चाय पे चर्चा' के बाद अब कांग्रेस की 'अरहर पे चर्चा'
कांग्रेस जल्दी ही केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने के लिए 'अरहर पे चर्चा' कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। इसकी घोषणा कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई ने की है। पार्टी ने दाल की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस पूरे राज्य में इस अभियान का आयोजन करेगी।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार दाल की आसमान छुती कीमतों के मद्देनजर कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई 'अरहर पे चर्चा' कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस के इस कार्यक्रम को 2014 में लोकसभा चुनावों के दौरान नरेंद्र मोदी के 'चाय पे चर्चा' कार्यक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनावों के दौरान मोदी का यह कार्यक्रम काफी चर्चा में रहा और जगह-जगह पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था।
दाल की आसमान छुती कीमत
अब उस कार्यक्रम की लोकप्रियता को भुनाने और केंद्र सरकार को दाल की बढ़ी कीमतों के लिए घेरने के लिए उसी के उन्हीं के कार्यक्रम के तर्ज पर 'अरहर पे चर्चा' की शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम की शुरुआत 19 अक्टूबर से की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अरहर के दाल की कीमत 200 रुपये पार कर चुकी है। दाल की इस बढ़ी कीमत की वजह से कांग्रेस उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में इस कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस केंद्र की मोदी सरकार को घेरने की कोशिश करेगी।