{"_id":"8ca6440e-401f-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"now-bahujan-samaj-party-and-samajwadi-party-in-gujarat-assembly-election","type":"story","status":"publish","title_hn":"अब गुजरात की जंग में कूदीं बसपा-सपा","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
अब गुजरात की जंग में कूदीं बसपा-सपा
लखनऊ/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 07 Dec 2012 09:08 AM IST
विज्ञापन
यूपी के बाहर अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए बसपा व सपा अब गुजरात विधानसभा चुनाव में अपना दमखम आजमाने जा रही हैं। गुजरात में पार्टी की साख बढ़ाने के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव यहां अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगेंगे। बसपा यहां सभी 182 सीटों पर चुनाव लड़ रही है तो सपा के 83 प्रत्याशी मैदान में हैं।
विज्ञापन
बसपा की फौज में 40 प्रचारक
यूपी की दोनों प्रमुख पार्टियां भाजपा के गढ़ गुजरात में अपनी जमीन तलाशने का प्रयास सालों से कर रही हैं। बसपा गुजरात में काफी समय से सक्रिय है। इस बार के चुनाव में बसपा सुप्रीमो मायावती सात और आठ दिसंबर को गुजरात का दौरा पर जाएंगी। इस दौरान सूरत व राजकोट उनकी रैलियों का कार्यक्रम है।
विज्ञापन
मायावती के अलावा 40 प्रमुख प्रचारक गुजरात में बसपा के लिए वोट मांगेगे। इनमें यूपी से बसपा केराष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य व पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय, एमएलसी मोहम्मद अतहर खान शामिल हैं। बसपा के गुजरात प्रभारी व एमएलसी धर्मप्रकाश भारती व गुजरात बसपा उपाध्यक्ष ईश्वर भाई सोलंकी पहले से गुजरात में प्रचार में लगे हैं।
विज्ञापन
राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त बसपा गुजरात के पिछले विधानसभा चुनाव में 166 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और सभी सीटों पर उसकी जमानत जब्त हुई थी लेकिन पार्टी ने 2.62 प्रतिशत वोट बटोरे थे। इस बार पार्टी अकेले दम पर सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। समाजवादी पार्टी ने पिछला विधानसभा चुनाव केवल 21 सीटों पर लड़ा था, उसके भी सभी प्रत्याशी जमानत जब्त करा बैठे। तब सपा को केवल 0.15 प्रतिशत वोट ही मिले थे।
जया संग बाप-बेटे होंगे सपा के स्टार प्रचारक
गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए सपा के स्टार प्रचारकों में मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व राज्यसभा सांसद जयाबच्चन शामिल हैं। इसके अलावा आजम खां, शिवपाल सिंह यादव, ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी, अम्बिका चौधरी, अभिषेक मिश्र, भगवतशरण गंगवार समेत दस मंत्री भी प्रचार में लगेंगे। महाराष्ट्र से विधायक अबु आजमी, वरिष्ठ नेता नरेश अग्रवाल व रामलाल जी सुमन भी प्रचार के लिए गुजरात जाएंगे। सपा गुजरात प्रदेश अध्यक्ष एसपी यादव इन नेताओं के प्रचार कार्यक्रम में लगे हैं।