डिनो मॉरिया की कंपनी के खिलाफ नोटिस तैयार
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में ऑनलाइन प्रसाद, पूजा, आरती का ठेका लेने के बाद विवादों में घिरी फिल्म अभिनेता डिनो मॉरिया की कंपनी आईभक्ति को जारी करने के लिए नोटिस तैयार कर लिया गया है। कंपनी को आज नोटिस दिया जाएगा।
हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने आईभक्ति को ठेका दिए जाने के लिए अपनाई गई टेंडर प्रक्रिया की जानकारी तलब की है। जबकि, इसके लिए टेंडर कराया ही नहीं गया है।
आईभक्ति कंपनी सुर्खियों में तब आई जब न्यास परिषद की मंजूरी के बिना ही ऑनलाइन प्रसाद वितरण का करार कर लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उद्घाटन करा दिया गया। इतना ही नहीं किसी तरह की टेंडर प्रक्रिया भी नहीं अपनाई गई।
ऑनलाइन प्रसाद वितरण का ठेका लिया था
इस मामले में हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने धर्मार्थ कार्य विभाग और विश्वनाथ मंदिर प्रशासन से डिनो की कंपनी से करार किए जाने में अपनाई गई प्रक्रिया के बारे में पूछा है। ऐसे में धर्मार्थ विभाग अब इस करार को रद्द करने के मूड में है।
गौरतलब है कि डीओटी साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से संचालित आईभक्ति कंपनी ने महाराष्ट्र के सिद्धि विनायक मंदिर के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर के ऑनलाइन प्रसाद वितरण का ठेका लिया था। जबकि शिरडी के साईं बाबा मंदिर, मुंबई के लालबाग के राजा, हरिद्वार की मंसा देवी और गुजरात की अंबा देवी के भक्तों को प्रसाद, पूजा की ऑनलाइन सुविधा देने की इस कंपनी की योजना है।