राहुल की करीबी हसीबा बोली, 'मैं घोटालों में शामिल नहीं'
कांग्रेस के विज्ञापन 'कट्टर सोच नहीं, युवा जोश' से चर्चा में आई हसीबा अमीन ने सोशल मीडिया में खुद पर लग रहे आरोपों को लेकर एक बार फिर सफाई दी है।
उन्होंने कहा है कि मैं किसी भी घोटाले में शामिल नहीं हूं। मेरी छवि साफ-सुथरी है, मुझे भरोसा नहीं हो रहा है दुष्प्रचार के लिए लोग किस स्तर तक गिर सकते हैं।
गौरतलब है कि हसीबा अमीन कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई की गोवा इकाई की अध्यक्ष हैं। लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गए कांग्रेस एक विज्ञापन में काम करने के बाद से ही वे चर्चा में हैं।
सोशल मीडया में उन पर घोटाले में जेल जाने और भ्रष्ट नेताओं की मदद करने के आरोप लग रहे हैं। हसीबा ने कहा है कि वे इन आरोपों से परेशान नहीं हैं और आगे भी कांग्रेस के विज्ञापनों में काम करती रहेंगी।
कांग्रेस के नए विज्ञापन से चर्चा में हैं हसीबा
कांग्रेस के नए विज्ञापन 'कट्टर सोच नहीं बल्कि युवा जोश' से हसीबा अमीन चर्चा में हैं।
सफेद सलवार-कमीज और चश्मे में किसी कॉलेज गर्ल जैसी दिख रहीं हसीबा अमीन विज्ञापन में राहुल गांधी से जुड़ने की अपील कर रही हैं।
हसीबा अमीन विज्ञापन में युवाओं को कट्टर सोच से दूर रहने के बात भी कहती हैं और खास अंदाज में आमिर खान की फिल्म 'दिल चाहता है' का गीत भी गाती हैं- हम हैं नए अंदाज क्यों हो पुराना।
एनएसयूआई गोवा की अध्यक्ष हैं हसीबा अमीन
विज्ञापन में खुद को कांग्रेस की युवा कार्यकर्ता बताने वाली हसीबा अमीन दरअसल नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) गोवा इकाई की अध्यक्ष हैं।
हसीबा पिछले दिनों तब बहुत सक्रिय रहीं, जब सामाजिक कार्यकर्ता मधु किश्वर ने तरुण तेजपाल के खिलाफ रेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता का नाम ट्विटर पर उजागर कर दिया।
हसीबा अमीन ने मधु किश्वर के खिलाफ गोवा पुलिस की क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी।