{"_id":"eceaf49a-60cc-11e2-93f9-d4ae52bc57c2","slug":"not-end-conversation-scope-with-pakistan-says-khurshid","type":"story","status":"publish","title_hn":"खत्म नहीं हुई पाक से बातचीत की गुंजाइश: खुर्शीद","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
खत्म नहीं हुई पाक से बातचीत की गुंजाइश: खुर्शीद
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Fri, 18 Jan 2013 12:16 AM IST
विज्ञापन
नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तनाव के बीच पाकिस्तानी विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार की बातचीत की पेशकश को भारत ने खास तवज्जो नहीं दी है। विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि मंत्री स्तर पर बातचीत की जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। हमें कदम दर कदम आगे बढ़ना होगा।
विज्ञापन
वहीं, बृहस्पतिवार को कैबिनेट की बैठक में रक्षा मंत्री एके एंटनी और खुर्शीद ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को एलओसी के हालात और पाकिस्तान की ताजा स्थिति के बारे में पूरा ब्यौरा दिया। खार ने बुधवार को कहा था कि तनाव कम करने के लिए दोनों देशों के बीच विदेश मंत्री स्तर पर बातचीत की जा सकती है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को कैबिनेट की बैठक के बाद खुर्शीद ने हालांकि कहा कि पाकिस्तान के साथ बातचीत की गुंजाइश पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। लेकिन जल्दबाजी करना ठीक नहीं है। माना जा रहा है कि 8 जनवरी को एलओसी पर दो भारतीय जवानों के साथ बर्बरता की घटना पर मनमोहन सिंह के कड़े रुख के बाद पाक सरकार को स्थिति की गंभीरता का अहसास हुआ।
विज्ञापन
इसी का नतीजा रहा कि खार ने मंत्री स्तर पर बातचीत की पेशकश की। इससे कुछ घंटे पहले दोनों सेनाओं के मिलिट्री ऑपरेशन के महानिदेशक (डीजीएमओ) की बातचीत में पाकिस्तान ने अपनी सेना को एलओसी पर संयम बरतने के आदेश का भी वादा किया था।
खुर्शीद ने कहा कि अगर पाकिस्तान गंभीर है तो हमें तनाव कम करने की दिशा में कदम उठाने होंगे। पूरे दक्षिण एशिया के हित को देखते हुए वर्तमान हालात में हमें विवेक और धैर्य से काम लेने की जरूरत है। सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट में फैसला हुआ कि पाकिस्तान के साथ बातचीत कब और किस स्तर पर की जाएगी, इसका अंतिम फैसला प्रधानमंत्री करेंगे।
मामले में यूएन जैसे तीसरे पक्ष को शामिल करने की संभावना से इनकार करते हुए खुर्शीद ने कहा कि इससे जुड़ा कोई भी मसला दोनों देशों को मिलकर ही सुलझाना होगा।