मालदा में गडकरी की रैली को ममता की 'ना'
पश्चिम बंगाल के मालदा में हिंसा के बाद हालात का जायजा लेने जा रहे भाजपा सांसदों को रोकने के बाद अब गडकरी को भी यहां रैली करने से रोक दिया गया है।
भाजपा के प्रवक्ता कृषानु मित्रा ने बताया कि बुधवार को ममता बनर्जी सरकार ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की 18 जनवरी को मालदा में होने वाली रैली के आयोजन की इजाजत देने से इंकार कर दिया है।
हालांकि भाजपा को मालदा से लगे दक्षिण दिनाजपुर में रैली आयोजित करने की अनुमति दे दी गई है।
दक्षिण दिनाजपुर में होगी रैली
मित्रा ने बताया कि राज्य प्रशासन ने हमें मालदा में 18 जनवरी को रैली के आयोजन की अनुमति देने से इंकार कर दिया है। अब यह रैली दक्षिण दिनाजपुर जिले में बंसीहारी थाने के तहत बुनियादपुर में होगी।
भाजपा नेता ने कहा कि राज्य सरकार के फैसले से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, मालदा हिंसा के सिलसिले में विस्तृत रिपोर्ट हासिल करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय अपनी एक टीम कालियाचक भेजने पर विचार कर रहा है। प्रदेश भाजपा के एक नेता की मानें तो यह टीम जल्द ही यहां पहुंचेगी।