मेरे बेडरूम के बारे में पूछने का हक किसी को नहींः सानिया
टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा टेनिस कोर्ट के बाहर खुलकर बातें करने के लिए जानी जाती हैं। बीबीसी से खास बातचीत में उन्होंने पुरुषों के साथ टेनिस खेलने और शादी के बाद शोएब संग जीवन पर बेबाकी से बातें कीं।
सानिया कहती हैं कि जब आप महिला होती हैं तो आपको जीवन में सफलता अर्जित करने के लिए ज्यादा जद्दोजहद करनी होती है ये केवल भारत में ही नहीं है, बल्कि ये पूरी दुनिया में ही है।
वह बीबीसी की 100 वुमेन सीरीज के दौरान ये बोल रही थीं। वह कहती हैं उनकी सफलता के बावजूद एक सवाल जो उनसे हर बार पूछा जाता है, वह है कि आपके बच्चे कब होंगे?
सानिया कहती हैं कि 'मुझे किसी का ये सवाल पूछना बहुत अपमानजनक लगता है। केवल मैं एक सेलिब्रिटी हूं इससे ये हक किसी को नहीं मिल जाता कि वह मेरे से मेरे बेडरूम में क्या होता है पूछे।
सानिया का फोकस रियो ओलंपिक पर
गौरतलब है कि सानिया और उनकी पार्टनर मार्टिना हिंगिस ने इस सीजन वुमेंस डबल्स रैंकिंग में नंबर 1 पोजिशन हासिल की है।
साथ ही इस जोड़ी ने सिंगापुर में आयोजित सात मिलियन डॉलर की डब्लयूटीए फाइनल में वुमेंस डबल्स का खिताब अपने नाम किया है। इस सीजन में इस जोड़ी का ये नवां खिताब है। वहीं सानिया ने सिडनी इंटरनेशलन के खिताब पर कब्जा करते हुए डबल्स ट्रॉफी की संख्या 10 तक पहुंचा दी है।
डबल्स में दुनिया की नंबर 1 जोड़ी होने के नाते वह भारत की सबसे ज्यादा फीस चार्ज करने वाली खिलाड़ी बन गयी हैं। सानिया अपने खिताबी जीत से देश की अन्य लड़कियों को प्रोत्साहन देने के साथ ही अगले साल होने वाले रियो ओलंपिक में मेडल जीतने के प्रयास में लगी हैं।