खुलेआम नकल पर नीतीश कुमार ने जनता को लिखा 'खुला पत्र'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने लिखा कि बिहार में मैट्रिक की परीक्षा में नकल की जो तसवीरें सामने आई हैं मैं उनके प्रत्येक पहलू के विरूद्ध हूं। एक, इन तस्वीरों में पूरे बिहार की कहानी नहीं है। बिहार के छात्र मेधावी हैं, और देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा से अपनी जगह बनाते रहे हैं। नकल की कुछ तस्वीरें बिहार की प्रतिभा पर हावी नहीं हो सकतीं।
नीतिश कुमार ने फेसबुक पर शेयर की अपने पत्र में लिखा है कि प्रशासन अपने स्तर पर सचेत है और गड़बड़ी की खबर मिलते ही सरकार ने इस प्रक्रिया से जुड़ी प्रत्येक एजेंसी से पूरी सतर्कता और जवाबदेही से काम करने को कहा है। बिहार प्रशासन के काम की छवि महज़ इन तस्वीरों से नहीं बल्कि पूरी प्रक्रिया को सुचारू ढंग से लागू करने के आधार पर आंकी जानी चाहिए।
नीतिश कुमार ने बिहार की जनता को भी झकझोरने का काम किया है। उन्होंने बिहार के लोगों से कहा है कि नकल में सहयोग देने वाले अभिभावकों, संबंधियों और मित्रों से कहूंगा कि अपनी गलत सोच से आप छात्र का और बिहार का नुकसान कर रहे हैं | नकल से मिले इस सर्टिफिकेट का असल जीवन में उपयोग नहीं होगा और इस तरह से उत्तीर्ण छात्र का मनोबल सदैव के लिए कमजोर रहेगा।
'नकल करने और कराने का हिस्सा न बनें'
नकल के प्रयास सदैव के लिए छात्र को नकल पर निर्भर करने की मानसिकता से बोझिल कर देंगे। इसलिए आप सभी से अपील करूंगा कि नकल करने और कराने का हिस्सा न बनें। छात्र सर्टिफिकेट से नहीं काबलियत से आगे बढ़ते हैं और इसके लिए परिवार और समाज को प्रेरणा भी देनी होगी और सहयोग भी।
उन्होंने कहा कि अपने स्तर पर पूरी तरह तत्पर होकर काम कर रहा हूं जिससे बिहार के भविष्य का निर्माण छात्रों और युवाओं की प्रतिभा, कौशल और परिश्रम के बल पर हो। इसके लिए मैं बिहार के सभी लोगों से सहयोग की अपील करता हूं।
गौरतलब है कि बिहार के हाजीपुर में 10वीं की बोर्ड परीक्षा में नकल करवाने की ऐसी तस्वीरें सामने आई थी कि सभी के होश उड़ जाए। पूरे देश भर में सोशल मीडिया से लेकर विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर बिहार के प्रशासन के फेल होने की बात कही जा रही थी।
इससे पहले इस पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। बिहार में हो रही नकल पर केंद्र सरकार ने भी बिहार सरकार से स्पष्टीकरण भी मांगा है।