'पहले भगवान राम को ठगा, अब महादेव के पीछे पड़े हैं मोदी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच विरोधियों पर हमला करने में आजकल हर नेता का पारा चढ़ा हुआ नजर आ रहा है। रैलियां, रोड शो और सभाओं में धुआंधार प्रचार के साथ-साथ कोई भी नेता अपने विरोधी दल या नेता पर हमला करने से नहीं चूक रहा है।
बात चाहे भाजपा की हो या कांग्रेस की, या फिर दिल्ली की सत्ता के जरिए पूरे देश में अपने पैर जमाने की कोशिश में लगी आम आदमी पार्टी हो, एक-दूसरे पर हमला करने में कोई भी पीछे नहीं है।
नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के बाद अब एक और सियासी सूरमा का नाम इस लिस्ट में जुड़ गया है। यह नया नाम है बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का। नीतीश ने भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है।
नारे से महादेव को भगा रही है भाजपा: नीतीश
नरेंद्र मोदी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के विवादित नारे 'हर-हर मोदी, घर-घर मोदी' पर शुरू हुआ विरोध अभी थमा भी नहीं था कि नीतीश कुमार ने भी इसी नारे के जरिए मोदी पर निशाना साधा है।
नीतीश ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर लिखा है, 'आज के BJP का हाल है कि हर नारे को बदल रहे हैं! काशी में सदियों से हर हर महादेव का नारा गूंजता रहा है! अब नारे से महादेव को भगा रहे हैं!'
उन्होंने आगे लिखा, 'अयोध्या में स्वांग रचाया मंदिर का, तरह तरह के नारे लगाए! अब का नारा क्या है भई! अब का नारा है - राम लला हम आयेंगे, मंदिर वही बनायेंगे, पर तारीख नहीं बताएंगे!'
'किसी भी धर्म के अनुयायी नहीं हो सकते भाजपा नेता'
नीतीश ने मोदी पर सीधा वार करते हुए कहा, 'BJP के जो नेता जब राजधर्म का पालन नहीं कर सकते तो किसी भी धर्म के सही अनुयायी क्या बनेंगे! हां, मौका मिलेगा तो धर्म को अपने स्वार्थ और अहंकार का जरिया बनाने से नहीं चूकेंगे!'
उन्होंने कहा कि देश को इससे बेहतर नेतृत्व देना होगा, जो प्रमाणित हो, राजधर्म का पालन कर सके नाकि धर्म के प्रपंच से सत्ता को साधने की कोशिश करे! ऐसे में हमें भरोसा है बिहार के लोग ही देश को दिशा देंगे और नेतृत्व भी!
नीतीश ने कहा कि BJP बिहार में प्रपंच का जाल बुन रही है! जो बिहार अनेक धर्मो के मूल की कड़ी है, वहां राजनीतिक प्रोपगैंडा पहुंचाने के लिए BJP हर हर महादेव के जप का अपमान कर रही है। उनके मुख्य नेता ऊपरी तौर पर तो कह रहे हैं कि ऐसे नारे नहीं लगायेंगे पर पूरे बिहार में पर्चे बांट रहे हैं।
'भस्मासुर से भी दो कदम आगे हैं भाजपा'
नीतीश ने कहा कि भस्मासुर ने भी जब तपस्या की होगी तो हर हर महादेव के जप का अपमान नहीं किया होगा, मगर BJP तो भस्मासुर से भी दो कदम आगे निकल गई है। भगवान राम को ठगने में तो कोई कसर छोड़ी नहीं थी अब भगवान शिव के पीछे भी लग गए हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भगवान नहीं बच रहे तो इंसान क्या बचेंगे? हवा बनाते हैं कि बिहार को ये देंगे वो देंगे, शर्त रखते हैं कि मुख्यमंत्री को माफ़ी मांगनी होगी और इसके बावजूद पूरे बिहार में पर्चे बंटवाते हैं ‘विशेष सहयोग एवं विशेष पैकेज देंगे मोदी’।
हम बिहारी विशेष राज्य का दर्जा (Special Category Status) लेंगे – हमारा हक़ है। बात बिलकुल ठोस है और स्पष्ट भी। इससे बिहार में उद्योग लगेंगे, हमारे युवाओं को रोज़गार मिलेगा, और राज्य सरकार को विकास के नए कार्यक्रम चलाने के लिए संसाधन भी।
'कूड़ेदान में फेंक देना चाहिए भाजपा का पर्चा'
हम विकास की वो रफ़्तार पकड़ेंगे कि देश के औसत स्तर तक पहुंच जाएं। BJP न तो ये दे सकती है, न देना चाहती है, पर सरेआम बिहार में भ्रम और झूठ फैला रही है ‘विशेष अटेंशन, विशेष सहयोग एवं विशेष पैकेज’ इत्यादि कह कर।
कमाल है! बिहार की जनता एक करोड़ अट्ठारह लाख़ हस्ताक्षर करे, पटना और दिल्ली में अधिकार रैली में लाखों की मात्रा में अपना मत रखे, संकल्प रैलियों में विशेष राज्य का संकल्प ले – और BJP का जवाब क्या है, माफ़ी मांगो और भीख भी! इससे बड़ा अपमान और धोखा हो नहीं सकता।
ये पर्चा जो BJP बिहार में घर घर बांट रही है ये हर बिहारी के अपमान का certificate है जिसे कूड़ेदान में फेंक देना चाहिए। ऐसा करने से हमारा स्वाभिमान भी बचेगा और महादेव का मान भी! जय बिहार, जय भारत!