गडकरी-फडनवीस की लड़ाई में मोदी और संघ भिड़े
महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही हलचल के बीच भाजपा नेतृत्व देवेंद्र फडनवीस को मुख्यमंत्री बनाने के अपने रुख पर फिलहाल कायम है। लेकिन नितिन गडकरी को नागपुर से मिल रहे जमीनी और संघ के समर्थन ने स्थितियों को काफी उलझा दिया है। इससे फडनवीस के मुख्यमंत्री बनने के मुद्दे पर प्रश्नचिह्न लगता दिख रहा है।
हालांकि गडकरी की मुहिम से भाजपा नेतृत्व खासा क्षुब्ध है और सुधीर मुनगंटीवार समेत गडकरी समर्थकों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। बावजूद इसके नागपुर में गडकरी की वर्चस्व की लड़ाई नहीं थम रही है।
बुधवार को गडकरी की पैरवी के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। माना जा रहा है कि उन्होंने मोदी से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने को कहा है।
मुनगंटीवार पर गिर सकती है गाज
इस पूरी कवायद में एक बात साफ है कि फडनवीस का विरोध करने वाले सुधीर मुनगंटीवार आलाकमान की नजरों में खटक गए हैं और माना जा रहा है कि जल्द ही उन पर गाज गिर सकती है।
दरअसल गडकरी समर्थकों को लगता है कि शीर्ष नेतृत्व फडनवीस के बहाने महाराष्ट्र और नागपुर की राजनीति में गडकरी का कद छोटा करना चाहता है। इसलिए गडकरी अपनी ताकत का अहसास कराना चाहते हैं।
फडनवीस व गडकरी दोनों ही नागपुर के हैं। दोनों ही ब्राह्मण हैं और दोनों के बीच के मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं। बीते साल महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष बनने के सवाल पर दोनों में मतभेद पैदा हुए थे। उस समय दिग्गज और दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे के समर्थन से फडनवीस को राज्य के संगठन की कमान मिली थी।
फडनवीस भी गडकरी की तरह ही संघ के करीबी हैं। इसलिए भाजपा आलाकमान ने संघ के ही करीबी फडनवीस के बहाने गडकरी का कद घटाने की रणनीति बनाई है।
गडकरी के लिए सीट छोड़ने को तैयार विधायक
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के लिए प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र फडनवीस का नाम भले ही सबसे आगे माना जा रहा है, लेकिन नागपुर-पूर्व से विधायक कृष्णा खोपड़े ने यह कह कर पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है कि अगर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो वह अपनी सीट छोड़ने के लिए तैयार हैं। इस पूरे मामले पर अभी फडनवीस ने चुप्पी साधी हुई है।
इस बीच गडकरी ने भी महाराष्ट्र की राजनीति में आने की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया है। गडकरी का कहना है कि पार्टी की तरफ से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी वह उसे लेने के लिए तैयार हैं।
इससे पहले विदर्भ के 39 बीजेपी विधायकों ने मंगलवार को गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। यह सभी विधायक गडकरी को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग कर रहे हैं।