घाट पर नीता अंबानी के जन्मदिन का भव्य 'तमाशा'
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर शनिवार को गंगा आरती कुछ ज्यादा ही भव्य दिखी। पूरे घाट को आकर्षक तरीके से फूलों से सजाया गया था। देव दीपावली से पांच दिन पहले ही गंगा की महाआरती का आयोजन किया गया। आतिशबाजी हुई और लाइट एंड साउंड के इस्तेमाल ने इसे यादगार बना दिया। ऐसा हो भी क्यों न, देश के प्रमुख उद्यमी मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी का जन्मदिन जो था।
काशी विश्वनाथ मंदिर में नीता की लंबी आयु की मंगलकामना और रुद्राभिषेक करने के बाद सारे मेहमान दशाश्वमेध घाट पहुंचे। गंगा पूजन करने के बाद बीच धारा में सज्जित तीन बजरों पर बैठकर आरती के अद्भुत, अलौकिक पलों के साक्षी बने। काशीवासियों ने उनका खुले दिल से अभिनंदन किया तो उन्होंने भी आत्मीयता से सबका अभिवादन स्वीकार किया।
मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, मुकेश की मां कोकिला बेन, बेटी ईशा और दोनों पुत्र आकाश तथा अनंत रिश्तेदारों और सहयोगियों के साथ चार चार्टर विमानों से शाम पौने चार बजे बाबतपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे। कमिश्नर आरएम श्रीवास्तव, जिलाधिकारी प्रांजल यादव, आईजी अमरेंद्र कुमार सेंगर सहित प्रशासनिक और पुलिस के आला अफसरों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया और नीता को जन्मदिन की बधाइयां दीं। मुकेश और नीता ने बड़े ही अदब के साथ हाथ जोड़कर सबको धन्यवाद दिया और पहले से ही स्टार्ट कारों पर सवार हो गए।
लग्जरी कार पर सवार होकर पहुंचे विश्वनाथ मंदिर
अंबानी परिवार के ऑडी, लैंड क्रूजर, बीएमडब्ल्यू और मर्सडीज जैसी 45 लग्जरी कारों का काफिला गेटवे होटल पहुंचा। वहां चाय-नाश्ते के बाद सबने कपड़े बदले। पुरुष कुर्ता-पायजामा और महिलाएं साड़ियों में सजकर निकलीं। मुकेश अंबानी सफेद सिल्क का कुर्ता-पायजामा और सदरी जबकि नीता अंबानी गुलाबी रंग की बनारसी साड़ी पहने थीं। मेहमानों के साथ अंबानी परिवार लग्जरी वाहनों में सवार होकर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचा।
यहां मुकेश और नीता ने बड़े ही आत्मीय भाव से काशीवासियों का अभिवादन किया। हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच बड़ी तादाद में लोग उनकी झलक पाने को पहले से जुटे थे। मंदिर में लगभग पौन घंटे तक पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक करने के बाद अंबानी परिवार 6:50 बजे दशाश्वमेध घाट रवाना हो गया।
नीता और मुकेश को देखने के लिए घाट पर शाम छह बजे से ही भीड़ जुटने लगी थी और सात बजे तक घाट पैक हो गया था। अंबानी परिवार ने गंगा पूजन किया और घाट से बीच गंगा तक बने रैंप से होते हुए बजड़े पर पहुंचा। आम दिनों में आरती 6:15 तक शुरू हो जाती है लेकिन शनिवार को लगभग एक घंटे देर से शुरू हुई। लाइट और साउंड से आरती को भव्यतम रूप दिया गया था। गंगा घाट से होटल लौटने पर वहां संगीत का कार्यक्रम भी हुआ जिसमें अंबानी परिवार और साथ आए सभी मेहमान शामिल रहे।