फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   news roundup 1612016

न्यूज राउंड अपः पांच मिनट में पढें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

Fri, 15 Jan 2016 10:40 PM IST
Updated Fri, 15 Jan 2016 10:40 PM IST
विज्ञापन
news roundup 1612016

आस्ट्रेलिया दौरे का दूसरा एकदिवसीय मैच भी भारतीय टीम ने गंवा दिया। पहले मैच की ही तरह इस मैच में भी भारत तीन सौ रनों के पार पहुंचा और रोहित शर्मा ने शतक जमाया। बावजूद इसके भारतीय टीम के हिस्से हार आई। आस्ट्रेलिया ने यह मैच सात विकेट से जीत लिया।

विज्ञापन


ऐसा लगता है कि रोहित शर्मा के शतक टीम इंडिया के लिए भाग्यशाली नहीं साबित हो रहे हैं। पर्थ के बाद ब्रिसबेन वनडे में भी उन्होंने शानदार शतक जमाया जिसके दम पर भारत ने आस्ट्रेलिया के सामने 300 रनों से अधिक का लक्ष्य दिया, लेकिन जीत उसके हाथ से फिर फिसल गई। लगातार दूसरे मैच में भी भारतीय गेंदबाजों ने निराश किया।
विज्ञापन


रोहित शर्मा के शतक और कोहली के साथ रहाणे के अर्द्घशतकों की बदौलत भारत ने पहले खेलते हुए 308 रनों का विशाल लक्ष्य बनाया। जवाब में आस्ट्रेलिया ने 6 गेंद शेष रहते हुए यह लक्ष्य पा लिया। इस जीत से मेजबान टीम ने 5 मैचों की सीरीज में भारत पर 2-0 से बढ़त भी बना ली है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आस्ट्रेलिया की ओर से जॉर्ज बैली ने नाबाद 76 रन बनाए। उनके अलावा ओपनर्स ऐरोन फिंच और शॉन मार्श ने 71-71 रनों की पारी खेली। फिंच और मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 145 रनों की साझेदारी हुई। भारत के लिए इशांत शर्मा, उमेश यादव और रविंद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिए।

भारतीय पारी में रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 124 रन बनाए। इसी के साथ रोहित शर्मा आस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो शतक जमाने वाले विश्व के तीसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। इंग्लैंड के ग्रीम हिक और भारत के वीवीएस लक्ष्मण, रोहित से पहले यह कारनामा कर चुके हैं।

रोहित के अलावा विराट कोहली ने 59 और रहाणे ने 89 रन बनाए। शिखर धवन लगाातर दूसरी बार असफल साबित हुए। इस पारी में उन्होंने महज 6 रन बनाए। भारत की तरफ से एकमात्र बदलाव हुआ। पहला मैच खेलने वाले भुवनेश्वर कुमार की जगह इस मैच में इंशात शर्मा को मौका दिया गया। शर्मा ने दस ओवरों में 60 रन देकर एक विकेट लिया। सीरीज का तीसरा मैच रविवार को मेलबर्न में खेला जाएगा।

विवादों में फिर घसीटे गए आमिर खान

news roundup 1612016

आमिर खान का कथित असहिष्‍णुता वाला बयान एक बार फिर से चर्चाओं में है। भाजपा नेता राम माधव ने गुरुवार को आमिर खान पर इस मसले को लेकर तंज कसा था। शुक्रवार को मप्र भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय भी इस विवाद में कूद पड़े।

विजयवर्गीय ने इशारों ही इशारों में लोगों से आमिर खान की आने वाली फिल्म 'दंगल' ने देखने की बात कही। विजयवर्गीय इसके पहले शाहरुख खान पर भी तीखा हमला करने को लेकर विवादों में आए थे। बाद में उन्होंने अपने बयान पर खेद जताया था।

इंदौर में मकर संक्रांति के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने आमिर की आने वाली फिल्म ‘दंगल’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'जब भी कोई देश में असहिष्णुता की बात करता है, तो गुस्सा आता है। अभी एक का इलाज हुआ है। अब दूसरे का का बाकी है। सब ध्यान रखना 'दंगल में मंगल' करना है।

इसके पहले भाजपा महासचिव राम माधव ने कहा था कि आमिर खान ऑटो वालों को सिखाते हैं कि किस तरह से हमारे देश की इमेज खराब होती है। यही बात आमिर खान को अपनी पत्नी किरण राव को समझानी चाहिए। मालूम हो कि आमिर खान ने इंटरव्यू में कहा था कि उनकी बीवी को इस देश के हालातों से कभी कभी डर लगता है।

लोहिया होते तो मुलायम को सपा से निकाल देते

news roundup 1612016

शुक्रवार को अपने जन्मदिन के मौके पर बसपा सुप्रीमों मायावती आक्रामक नजर आईं। इस मौके पर उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर तीखे हमले किए। मायावती ने मुलायम और अखिलेश पर निशाना साधने के साथ प्रधानमंत्री मोदी पर भी व्यंग्य भरे तीर चलाए। हालांकि कांग्रेस पर वह जरा नरम दिखीं।

सपा पर तीखा हमला बोलते हुए मायावती ने कहा कि सैफई महोत्सव में पानी की तरह पैसे बहाए गए। पैसों का ऐसा दुरुपयोग किसी और सरकार ने इस तरह से कभी नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुलायम ने अपने जन्मद‌िन पर भी जनता के धन की बर्बादी की थी।

मायावती ने कहा कि सपा सरकार लोहिया के समाजवाद के विपरीत काम कर रही है। सपा और लोहिया के समाजवाद में जमीन आसमान का फर्क है। लोह‌िया होते तो मुलायम स‌िंह को सपा से न‌िकाल देते।

इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार पर भी न‌िशाना साधा। सीधे नरेंद्र मोदी पर हमलावर होते उन्होंने कहा कि मोदी ने हर वर्ग से वादे क‌िए थे उनका एक भी वादा पूरा होता नहीं द‌िख रहा। उन्होंने काला धन वापस लाने की बात कही थी, अभी तक खाते में 20-25 लाख रुपये नहीं आए। कहा क‌ि मोदी ने पेट्रोल और डीजल के दाम भी नहीं क‌िए।

इस मौके पर उन्होंने अगड़ों को भी आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की बात कही साथ ही ये कहा ‌क‌ि दल‌ितों को न‌िजी क्षेत्र में आरक्षण म‌िलना चाह‌िए।

पूरा हुआ ऑड और ईवन

news roundup 1612016

प्रदूषण कम करने की गरज से दिल्ली में अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरु किया गया ऑड-ईवन फॉर्मूला शुक्रवार को पूरा हो गया। इस फॉर्मूले के पंद्रह दिन पूरा होने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री ने प्रेस कांफ्रेंस कर दिल्ली के लोगों को शुक्रिया अदा किया।

केजरीवाल ने कहा कि जब हमने इस फॉर्मूले को लागू करने का फैसला किया तो देश ही नहीं पूरी दुनिया की निगाह दिल्ली पर थी कि कैसे इसे लागू किया जाएगा। लेकिन यह फॉर्मूला सफलता के साथ दिल्ली में लागू हो सका। उन्होंने कहा कि यह प्रयोग केवल 2000 रुपये के जुर्माने के डर से सफल नहीं हो सकता था, असल में दिल्ली वालों ने इसे दिल से स्वीकार किया जिसकी वजह से यह इतना कामयाब हो सका।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर दिल्ली पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों के अलावा इसमें दिल्ली पुलिस का सहयोग सबसे सराहनीय रहा। दिल्ली की जनता के साथ इस मसले पर कोर्ट की भूमिका की भी केजरीवाल ने सराहना की।

इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री ने मेट्रो, पीडब्लूडी, परिवहन विभाग और उन सभी महिलाओं को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने छूट मिलने के बावजूद इसे सफल बनाने में सहयोग दिया। केजरीवाल ने कहा कि सरकार की तरफ से यह फॉर्मूला अब खत्म हो चुका है। लोग चाहें तो इसे बनाए रख सकते हैं।

उधमपुर हादसा, 10 लोगों की मौत

news roundup 1612016

जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में शुक्रवार को बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दर्दनाक हादसे में दस लोगों की मौत हो गई। उधमपुर ज‌‌िले के बसंत नगर में आज सुबह एक बस 300 फीट गहरी खई में जा ग‌िरी ज‌िसमें 10 लोगों की मौत हो गई । इस हादसे में लगभग दो दर्जन लोग घायल हुए हैं।

म‌िली जानकारी के अनुसार खाई में 10 लोगों के शव न‌िकल ल‌िए गए हैं। जबक‌ि लगभग 23 लोगों के इलाज के ल‌िए अस्पताल ले जाया गया है। यह हादसा आज सुबह तकड़े उस वक्त हुआ जब बस राम नगर से बसंत नगर जा रही थी। तभी अचानक बस का ड्राइवर बस पर अपना संतुलन खो बैठा ज‌िससे बस गहरी खाई में जा ग‌िरी। ।

इन सभी मृतकों के शवों के रामनगर के सरकारी अस्पताल में रखा गया है। वहीं अभी तक इस हादसे में 23 घायल लोगों के राम नगर में इलाज चल रहा हैं।

पंजाब के सीएम का भतीजा कांग्रेस में शामिल

news roundup 1612016

पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस को एक बड़ी बढ़त मिली। पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब का‌ विलय कांग्रेस में हो गया। इस पार्टी के मुखिया मनप्रीत बादल, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं।

जानकारी के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पदभार संभालते ही पंजाब में भी बिहार की तरह महागठबंधन बनाने का ऐलान किया था। इसे लेकर कैप्टन और मनप्रीत की बात भी हो चुकी थी। इसके बाद मनप्रीत पीपीपी के स्तर पर पिछले दिनों से मनप्रीत पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे। हाईकमान से सहमति मिलने के बाद विलय के फैसले पर मोहर लगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मनप्रीत ने कहा था कि कांग्रेस को पीपीपी के एजेंडे के प्रति गंभीर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पीपीपी बादल सरकार के वीआईपी कल्चर के खिलाफ है। लोगों से जुड़े मुद्दों पर भी पार्टी का एक एजेंडा है।

पंजाब में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने को हैं। इस चुनाव में कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल, भाजपा के साथ आम आदमी पार्टी भी अपनी जोर आजमाइश कर रही है।

बनारस में चलेगी मेट्रो

news roundup 1612016

नोएडा, लखनऊ और कानपुर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में भी मेट्रो शुरू होगी। यह बात यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने बातों ही बातों में कही।

यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एसोचेम इनवेस्टमेंट समिट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, हम यूपी को तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर ला रहे हैं। यूपी में इन्फ्रास्ट्रक्चर के स्तर पर बहुत काम हो रहा है। कहा‌ कि इन्फ्रास्ट्रक्चर अच्छा होगा तो ज्यादा से ज्यादा व्यापारी प्रदेश में आएंगे।

उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर भी बहुत काम हो रहा है। सीएम अखिलेश ने कहा कि लोगों का भरोसा अब अधिकारियों पर बढ़ रहा है।

यूपी के हर बड़े शहर में तरक्की की संभावनाओं पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ और कानपुर के बाद मेट्रो नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी शुरु होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed