न्यूज राउंडअपः फटाफट पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें
देशभर को हिलाकर रख देने वाले पश्चिम बंगाल के कामदुनि गैंगरेप और हत्या मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने अपना निर्णय सुनाते हुए तीन दोषियों को फांसी और तीन को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
मामले के एक आरोपी की कुछ दिन पहले ही मौत हो गई थी जबकि दो को रिहा किया जा चुका है। गौरतलब है कि साल 2013 में हुए इस हत्याकांड के बाद पश्चिम बंगाल सरकार को महिलाओं की सुरक्षा के मामले में आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
शुरूआत में घटना को हल्के में लेने वाली ममता बनर्जी सरकार ने मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने कुछ नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
मामले में कोर्ट ने दोषी सैफुल अली, अंसार अली और अमीनुल अली को मृत्युदंड की सजा सुनाई है, जबकि तीन अन्य दोषियों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई। कोर्ट ने घटना को रेयरेस्ट ऑफ द रेयर की श्रेणी में मानते हुए दोषियों को कड़ी सजा सुनाई।
रोहित वेमूला मामले में छात्रों के साथ अनशन पर बैठे राहुल गांधी
हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमुला के आत्महत्या मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का साथ मिला है।
राहुल शुक्रवार देर रात हैदराबाद पहुंचे और विरोध कर रहे छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। आज रोहित वेमुला का जन्मदिन है। इस मौके पर इंसाफ की मांग पर अड़े छात्र आज से भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। राहुल गांधी भी इस भूख हड़ताल में शामिल हुए हैं।
रोहित वेमुला की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद यह दूसरी बार है, जब राहुल गांधी हैदराबाद विश्वविद्यालय कैंपस पहुंचे हैं। रोहित के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को कैंडल मार्च निकाला। राहुल गांधी इसमें शामिल हुए।
बता दें कि रोहित वेमुला की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद से कांग्रेस मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी और केंद्रीय मंत्री बंडारू दत्तात्रय के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसके अलावा पार्टी की मांग है कि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर अप्पा राव को उनके पद से हटा दिया जाए।
केरबर बनी आस्ट्रेलियन ओपन की नई चैंपियन
वर्ल्ड नंबर वन सेरेना विलियम्स अपने सातवें ऑस्ट्रेलियन ओपन से चूक गई हैं। उन्हें खिताबी मुकाबले में जर्मनी की एंगेलिक केरबर ने हराया। वर्ल्ड नंबर वन सेरेना विलियम्स अपने सातवें ऑस्ट्रेलियन ओपन से चूक गई हैं। 6 बार की चैंपियन सेरेना को खिताबी मुकाबले में जर्मनी की एंगेलिक केरबर ने हराया।
मेलबर्न में खेले गए महिला एकल के फाइनल में केरबर ने मैच पर अपना नियंत्रण बनाए रखा और 6-4, 3-6, 6-4 से गत चैंपियन सेरेना को हराते हुए अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया।
दुनिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिका की टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला एकल वर्ग में खिताब के लिए अपना वो दमखम नहीं दिखा सकीं जिसके लिए वह मशहूर रही हैं। केरबर ने सेरेना की सर्विस ब्रेक करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
दूरदर्शन के पूर्व एंकर के लॉकर से मिला 3 किलो सोना
ये खबर एक न्यूज एंकर की है जिस पर कई फर्जीवाड़े करने का आरोप लगा है। हम बात कर रहे हैं दूरदर्शन से अपने करियर की शुरूआत करने वाले और बाद में भारत सरकार की विदेश सेवा में काम करने वाले दीपक वोहरा की।
दीपक पर कई करोड़ के फेमा उल्लंघन करने का आरोप लगा है। इस संबंध में ईडी दिल्ली और नोएडा के छह ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। इसमें दीपक के घर के साथ-साथ एंजेलिक इंटरनेशनल के दो अधिकारियों के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई।
दरअसल उनपर आरोप लगा है कि भारत सरकार ने अफ्रीकी देशों के विकास के लिए जो पैसा कर्ज के रूप में दिया था उसमें से अधिकतर कॉन्ट्रैक्ट एक ही कंपनी (एंजेलिक इंटरनेशनल) को दे दी गई। कहा जा रहा है कि दीपक वोहरा ने ही कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने में कंपनी की मदद की।
धर्मांतरण के आरोपी का सर मुंडाकर घुमाया
यूपी के जालौन स्थित रेंढ़र गांव के तीन युवकों को वाराणसी के कछवां कस्बे में ले जाकर धर्मांतरण कराने के आरोपी युवक का सिर मुड़ाकर शहर में घुमाया गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बवाल की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत कराया।
रेंढ़र गांव निवासी संगम जाटव ने बजरंग दल के पदाधिकारियों को सूचना दी कि माहभर पहले उसे और उसके गांव के दो अन्य युवकों को गांव ही अवधेश कुमार वाराणसी के कछवां कस्बे ले गया। यहां चर्च के कार्यक्रम में तीनों का धर्म परिवर्तन करा दिया गया।
इसके बदले पैसा, नौकरी और शादी कराने का भी झांसा दिया गया। घर लौटने पर उसका मन नहीं माना तो थाने में शिकायती पत्र दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के साथ ही अन्य हिंदुत्ववादी संगठन के पदाधिकारी हंगामा करने लगे। शुक्रवार को अवधेश कुमार को धर दबोचा। इसके बाद उसे उरई ले आए। यहां उसका सिर मुड़ाने के बाद शहर में घुमाया।
आपबीती लिखकर गैंगरेप पीड़िता ने लगाई फांसी
छत्तीसगढ़ के भिलाई में दो पुलिस कर्मियों और एक डॉक्टर पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक महिला ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसे नहीं लगता है कि उसे न्याय मिलेगा।
बता दें कि बीते साल जनवरी 2015 में डॉक्टर गौतम पंडित और दो कांस्टेबल सौरभ भक्त और चंद्र प्रकाश पांडेय पर महिला से कथित तौर पर रेप करने का एक मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मामले को बलात्कार की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर लिया जिसके बाद दोनों पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया और डॉक्टर ने आत्मसमर्पण कर दिया। फिलहाल तीनों आरोपी जेल में बंद हैं।