फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   News round up of day 2816

न्यूज राउंडअपः चुटकियों में पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें

Thu, 28 Jan 2016 06:55 PM IST
Updated Thu, 28 Jan 2016 06:55 PM IST
विज्ञापन
News round up of day 2816

केन्द्र सरकार की बहुप्रतिक्षित स्मार्ट सिटी योजना का शुभारंभ जल्द होता दिख रहा है, केन्द्रीय शहरी मंत्री वैंकया नायडू ने शुरूआती दौर में स्मार्ट सिटी बनने वाले 20 शहरों की घोषणा कर दी है। केन्द्र सरकार ने इन शहरों के लिए बजट का आवंटन और पूरी रूपरेखा की घोषणा भी की है।

विज्ञापन


खास बात ये रही कि इस लिस्ट में यूपी के एक भी शहर का नाम शामिल नहीं रहा। जबकि 97 शहरों की लिस्ट में सबसे ज्यादा शहर उत्तर प्रदेश के ही थे। ऐसे में टॉप 20 में एक भी शहर का चयन न होना कई सवाल खड़ा करता है।
विज्ञापन


प्रेस कान्फ्रेंस में इन शहरों की घोषणा करते हुए वैंकया नायडू ने कहा कि इन शहरों का चयन विभिन्न मापदंडों पर दिए गए अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट के अनुसार किया गया है। जल्द ही यहां काम शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


स्मार्ट सिटी बनने वाले अन्य शहरों में गुजरात का सूरत, केरल का कोच्चि, गुजरात का ही अहमदाबाद, मध्यप्रदेश का जबलपुर, केरल का विशाखापत्तनम, महाराष्ट्र का सोलापुर, दवांगरे, मध्यप्रदेश का इंदौर, तमिलनाड़ का कोयांबटूर, काकीनाड़ा, कर्नाटक का बैलगांव, राजस्थान का उदयपुर, असम का गुवाहाटी, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई, पंजाब का लुधियाना, दिल्ली का एनडीएमसी और अंतिम स्थान पर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का चयन किया गया है।

दो मेजर जनरल के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश

News round up of day 2816

रक्षा मंत्री मनोहर पारिकर ने सेना में बढ़ते भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मेजर जनरलों के खिलाफ सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। दोनों मेजर जनरल पर आय से अधिक संपति इकट्ठा करने के आरोप हैं।

पारिकर ने जिन मेजर जनरल के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं उनमें मेजर जनरल अशोक कुमार और एसएस लांबा का नाम शामिल है।

रक्षा मंत्री के इन आदेशों के बाद सेना में खलबली मच गई है। माना जा रहा है कि अपनी इमानदार छवि के लिए प्रसिद्ध पारिकर अभी और इस तरह के मामलों में कार्रवाई के आदेश दे सकते हैं।

ओमन चांडी के खिलाफ एफआईआर और प्रदर्शन

News round up of day 2816

केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार पर सोलर घोटाले की मुख्य आरोपी के ताजा आरोपों ने सरकार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मामले की आरोपी सरिता एस नायर ने मुख्यमंत्री ओमान चांडी और उनके कैबिनेट सहयोगी ए मोहम्मद पर 2 करोड़ रुपये बतौर घूस लेने का आरोप लगाया है।

वहीं विपक्ष ने मामले में राज्यपाल के हस्तक्षेप की मांग की है। जब‌कि मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री ने इन आरोपों से इनकार किया है। दूसरी ओर त्रिशूर कोर्ट ने केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी के खिलाफ एफआईआर करने का निर्देश दिया है।

वहीं डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया ने त्रिवेंद्रम में सोलर घोटाले के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान हंगामे के कारण पुलिस को थोड़ा बल भी प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

सुप्रीम कोर्ट ने की यूपी के लोकायुक्त की नियुक्ति

News round up of day 2816

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश के नए लोकायुक्त को नियुक्त कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस संजय मिश्रा को यूपी का नया लोकायुक्त नियुक्त किया है। जस्टिस संजय मिश्रा भी हाइकोर्ट के रिटायर्ड जज हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने संजय मिश्रा को ‌नया ‌लोकायुक्त बनाने के साथ ही लोकायुक्त के लिए पूर्व में दिए गए जस्टिस वीरेन्द्र सिंह का नाम वापस ले लिया है। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने प्रदेश के नए लोकायुक्त के चयन के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत किया है।

नाईक ने जारी एक बयान में कहा है कि ‘मैंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हमेशा सम्मान किया है। उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्तिगण राजन गोगोई तथा पीसी पन्त की खण्डपीठ द्वारा आज न्यायमूर्ति संजय मिश्रा को उत्तर प्रदेश का लोकायुक्त नियुक्त किये जाने के लिये पारित किये गये आदेश का मैं सम्मान करता हूं’।

बताते चलें कि सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर उत्तर प्रदेश सरकार पर लोकायुक्त के लिए सेवानिवृत्त जज वीरेंद्र सिंह का नाम गलत तरीके से अदालत के सामने रखने का आरोप लगाया गया था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि इस मामले में अदालत को गुमराह किया गया है। ये याचिका सच्चिनानंद गुप्ता ने दायर की थी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर फेंका जूता

News round up of day 2816

बिहार में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटनाक्रम में एक युवक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जूता उछाल दिया। जिससे मुख्यमंत्री बाल बाल बच गए। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत ही आरोपी युवक परवेज कुमार राय को हिरासत में ले लिया।

वाकया पटना के बख्तियारपुर इलाके का है, जहां गुरुवार दोपहर 2 बजे के करीब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वतंत्रता सेनानियों की याद में आयोजित कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम का आयोजन स्वतंत्रता सेनानी शील भद्र यजी के स्वतंत्रता की लड़ाई में दिए गए योगदान को याद करने के लिए किया गया था।

इसी दौरान नीतीश कुमार भीड़ को संबोधित कर रहे थे। अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री हाल ही में बिहार में शराब बंदी की घोषणा का जिक्र कर रहे थे, इसी बीच भीड़ से निकले 25 वर्षीय परवेज कुमार राय ने अचानक अपना जूता निकालकर मुख्यमंत्री की ओर उछाल दिया। जूता मंच से कुछ पहले ही गिर गया।

शंकराचार्य ने कहा- 'शनि की पूजा नहीं करते, भगाते हैं'

News round up of day 2816

शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं को पूजा का अधिकार देने पर विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मुद्दे पर द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती कूद पड़े हैं। उन्होंने शनि पूजा पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने शनि पूजा का विरोध करते हुए कहा कि शनि को बुलाया नहीं भगाया जाता है। इतना ही नहीं उन्होंने शनि को भगवान मानने से इंकार करते हुए कहा कि शनि भगवान नहीं एक ग्रह हैं।

शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के मुताबिक पूजा भगवान की होती है ग्रह की नहीं। ऐसे में महिलाओं को शनि पूजा से बचने की कोशिश करनी चाहिए। महिलाओं को अधिकार देने पर शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने कहा कि देश में महिलाओं को सामाजिक अधिकार की बात है तो वो उन्हें मिल चुका है।

वो देश के अहम पदों प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और लोकसभा के अध्यक्ष के पद पर रह चुकी हैं। अगर धर्म में सामाजिक न्याय की बात है तो धर्म मान्यताओं और परंपराओं पर चलता है। यहां सामाजिक न्याय जैसी कोई बात नहीं होती।

भारत की जूनियर टीम ने जीता पहला मुकाबला

News round up of day 2816

बांग्लादेश में चल रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप के पांचवें मैच में बल्लेबाजी में जौहर दिखाने के बाद भारतीय टीम के गेंदबाजों का जलवा जारी है। भारतीय टीम के 9 विकेट पर 268 रनों के जवाब में आयरलैंड की पूरी टीम 49.1 ओवर में 189 रन ऑलआउट हो गई। भारतीय टीम ने 79 रनों से वर्ल्ड कप का पहला मैच जीत लिया।

इससे पहले भारतीय टीम की ओर से सरफराज खान (74 रन, 70 गेंद) और वाशिंगटन सुंदर (62 रन, 3 चौके) ने शानदार फिफ्टी जमाई। भारतीय टीम की ओर से पहले अच्छी बल्लेबाजी की गई फिर गेंदबाजी में जौहर दिखाया। राहुल बॉथम को 3, अवेश खान और महिपाल को 2=2 और जीशान अंसारी को एक सफलता मिली।

पहले बल्लेबाजी के न्यौते पर उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान इशान किशन पहले ओवर में ही शून्य पर आउट हुए। दूसरे ओपनर रिषभ पंत दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सके। ऐसे में मध्यक्रम पर बल्लेबाजी करने उतरे सरफराज खान ने मोर्चा संभाला।

करंट से सुल्तानपुर में चार की मौत

News round up of day 2816

यूपी के सुल्तानपुर जिले में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां बिजली के खंभे से उतरे करंट ने 4 लोगों की जान ले ली। सुल्तानपुर जिले में चांदा थाना क्षेत्र के नौगरही में गुरुवार को बिजली के करंट से 8 लोग झुलस गए। इसमें से 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं चार की हालत गंभीर बनी हुई है।

ये आठों लोग पोल से बिजली के तार उतारते समय करंट की चपेट में आ गए। ये हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने के बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल ले जाते वक्त ही इनमें से चार लोगों ने दम तोड़ दिया।

करंट से बुरी तरह झुलसे बाकी चार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed