न्यूज राउंडअपः छूट गईं हों दिन की बड़ी खबरें तो हो जाएं अपडेट
बॉलीवुड अदाकार अनुपम खेर को पाकिस्तान ने वीजा देने से इंकार कर दिया है। उन्हें कराची लिटरेचर फेस्टिवल में शामिल होने के लिए जाना था। कराची लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजकों ने भारत से 18 प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया था। अनुपम खेर के मुताबिक उन्होंने पाकिस्तानी वीजा के लिए आवेदन दिया लेकिन उसे खारिज कर दिया गया।
अनुपम खेर ने बताया कि वीजा नहीं मिलने से मैं बहुत दुखी हूं। आमंत्रित किए गए 18 प्रतिनिधियों में से 17 को वीजा दिया गया। लेकिन मुझे नजर अंदाज कर दिया गया।
दूसरी ओर इस मामले में पाकिस्तानी उच्चायोग की ओर से कहा गया कि अनुपम खेर ने वीजा के लिए आवेदन ही नहीं किया था। अगर वो वीजा के लिए आवेदन करते तो जरूर दिया जाता। वहीं फेस्टिवल की आयोजक अमीना सैयद ने एबीपी न्यूज से बातचीत के दौरान कहा कि अनुपम खेर के लिए वीजा का आवेदन दिया गया था, लेकिन पाकिस्तान उच्चायोग ने उनका आवेदन खारिज कर दिया। इसके पीछे क्या वजह थी इसके बारे में भी उच्चायोग की ओर से कुछ बताया नहीं गया।
मोदी ने मांगे थे सोनिया के खिलाफ इटली से सबूत!
ब्रिटेन के एक हथियार एजेंट ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। उसने कहा है कि मोदी सरकार ने 2013 के भ्रष्टाचार के एक बहुचर्चित मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके परिवार के खिलाफ सबूत देने के बदले में इटली सरकार को उसके दो मरीनों को आजाद करने का प्रस्ताव दिया था।
द टेलिग्राफ के मुताबिक, 54 वर्षीय ब्रिटिश एजेंट क्रिस्चियन माइकल ने ये आरोप हैंबर्ग स्थित समुद्र कानूनों के अंतरराष्ट्रीय ट्राइब्यूनल और हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय को लिखे एक पत्र में लगाया है। भारत और इटली की सरकारें इन्हीं दोनों न्यायालयों में इतलवी मरीनों के मामले में एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा लड़ रही हैं। गौरतलब है कि फिनमेकेनिका/आगस्ता वेस्टलैंड रिश्वतखोरी मामले में प्रवर्तन निदेशालय क्रिस्चियन माइकल से पूछताछ करना चाहती है।
द टेलिग्राफ ने माइकल के आरोपों की पुष्टि नहीं की है, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने भी समाचार पत्र को दिए जवाब में कहा है कि आरोप इतने हास्यास्पद हैं कि इनपर टिप्पणी करना गैरजरूरी है। समाचार पत्र के मुताबिक, इटली के प्रधानमंत्री कार्यालय ने मामले पर अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। हालांकि माइकल ने दुबई से समाचारपत्र से हुई बातचीत में कहा,'' मैं जानता हूं कि आरोप गंभीर हैं लेकिन मैं इन पर अडिग हूं।"
सपा ने किया एमएलसी के उम्मीदवारों का ऐलान
सत्तारूढ़ सपा ने एमएलसी या विधानपरिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। 31 उम्मीदवारों की लिस्ट में हाल में सपा से निष्कासित और मुख्यमंत्री के दखल के बाद बहाल किए गए आनंद भदौरिया और सुनील सिंह यादव भी शामिल हैं।
यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद के पूर्व निदेशक वासुदेव यादव को भी इलाहबाद से उम्मीदवार बनाया गया है। प्रतापगढ़ से रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के भाई अक्षय प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सूची में झांसी से रमा निरंजन, सुल्तानपुर से शैलेन्द्र प्रताप, हमीरपुर से रमेश मिश्र, बस्ती से बृज किशोर, बदायूं से बनवारी सिंह यादव।
मेरठ से सीतापुर आनंद भदौरिया, उन्नाव से सुनील यादव, मथुरा से ठाकुर उदय वीर सिंह, लखीमपुर से शशांक यादव, बहराइच से इख़लाक़, वाराणसी से अमिरचंद्र, आगरा से दिलीप यादव, बुलंदशहर से नरेंद्र भाटी। बदायूं से बनवारी यादव, अलीगढ़ से ओमवती यादव, मुरादाबाद से परवेज अली, पीलीभीत से अजय यादव, गोरखपुर से जय प्रकाश यादव, मैनपुरी से अरविन्द यादव, प्रतापगढ़ से गोपाल और फैजाबाद से हीरा लाल यादव। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने ये सूची जारी की है।
राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी में ट्रंप पिछड़े
इस साल नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव के लिए उम्मीदवार तय करने के लिए आयोवा में हुए मतदान में रिपब्लिकन पार्टी के डॉनल्ड ट्रंप को हार का सामना करना पड़ा है। वहां टेड क्रूज जीते हैं।
अरबपति व्यवसायी ट्रंप चुनाव से पहले आगे माने जा रहे थे। लेकिन उन्हें दूसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। फ्लोरिडा के सिनेटर मार्को रूबियो ने उम्मीद से अच्छा प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
अमेरिकी मीडिया के सर्वेक्षणों के रूझान में रिपब्लिकन पार्टी से डॉनल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी से हिलेरी क्लिंटन आगे हैं। इस चुनाव की प्रक्रिया आयोवा से शुरू हुई है, जो अगले कुछ हफ्तों तक अमेरिका के बाकी के 49 राज्यों और अमेरिका शासित इलाकों में जारी रहेगी।
काले हिरण का शिकारः भारतीय क्रिकेटर को जेल
काले हिरण के शिकार में भारतीय क्रिकेटर रमीज खान को जेल हो गई है। इतना ही नहीं उसे रणजी टीम से हाथ से धोना पड़ा है। रमीज और उसके पिता को मध्यप्रदेश के सागर जिले स्थित जंगल में काले हिरण के कथित शिकार में वन विभाग की टीम ने पकड़ा था।
वन विभाग ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां उन्हें 10 जनवरी को जेल भेज दिया गया। रमीज पर काले हिरण के शिकार करने में दोहरी मार लगी। पहला वह जेल जा चुके हैं, दूसरा उन्हें अपनी रणजी टीम मध्यप्रदेश से भी बाहर होना पड़ा।
मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) ने मुंबई में खेले जाने वाले रणजी क्वार्टर फाइनल मैच के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित की है जिनमें रमीज का नाम नहीं है। इस मामले पर एमपीसीए के सचिव मिलिंद कनमडीकर ने कहा, "हमने रणजी क्वार्टर फाइनल के लिए रमीज को मध्यप्रदेश टीम में इसलिए शामिल नहीं किया है क्योंकि टीम चयन के समय वह काले हिरण के शिकार मामले में जेल में बंद होने के कारण उपलब्ध नहीं थे।"
26 साल के रमीज सागर जिले के ही रहने वाले हैं। वह टीम में न सिर्फ बल्लेबाज बल्कि गेंदबाज का भी रोल अदा कर चुके हैं। रमीज ने 26 प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 9 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है। 8 प्रथम श्रेणी विकेट भी इस ऑलरांडर के नाम हैं।