फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   news round of day 7122015

न्यूज राउंडअपः पांच मिनट में पढ़िए देश भर की हर बड़ी खबर

Mon, 07 Dec 2015 10:18 PM IST
Updated Mon, 07 Dec 2015 10:18 PM IST
विज्ञापन
news round of day 7122015

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक अहम फैसला सुनाते हुए उप्र के करीब 1 लाख 72 हजार शिक्षामित्रों को बड़ी राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के उस फैसले पर रोक लगा दी है जिसमें हाइकोर्ट ने शिक्षामित्रों की नियुक्तियों को अवैध बताया था।

विज्ञापन


यूपी सरकार की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने हाइकोर्ट के आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी है। हालांकि इस मामले सु्प्रीम कोर्ट ने कोई फैसला नहीं सुनाया है।
विज्ञापन


इस मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को होगी। हाइकोर्ट ने शिक्षामित्रों की नियुक्ति को अवैध मानते हुए यूपी सरकार को उसे रद करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद से प्रदेश भर में शिक्षामित्रों ने बड़ा आंदोलन शुरू कर रखा था।
विज्ञापन
विज्ञापन


यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने शिक्षामित्रों को लेकर कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनाने की बात कर रहे थे। अपनी नियुक्ति को अवैध करार दिए जाने के बाद यूपी के हर जिले में इसको लेकर अनशन, धरना और प्रदर्शन हुए थे।


शिक्षामित्रों ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम अखिलेश यादव और गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर इस मामले में दखल देने की बात कही थी।

कोर्ट में पेश होना होगा सोनिया और राहुल को

news round of day 7122015

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कोर्ट में पेश होना होगा। ‌अब उन्हें 8 दिसंबर को पटियाल हाऊस कोर्ट में पेश होना है। दिल्ली की निचली अदालत ने इन्हें पेश होने के लिए एक समन जारी किया था। इस समन के खिलाफ सोनिया और राहुल ने हाईकोर्ट से कोर्ट में पेश न होने की छूट मांगी थी।

उनकी इस अपील पर दिल्ली हाईकोर्ट ने पांच दिसंबर को सुनवाई की थी। तब उसने फैसले को सुरक्षित कर लिया था। सोमवार को अपना फैसला सुनाते हुए हाईकोर्ट ने पेशी में छूट की उनकी याचिका खारिज कर दी।

इस याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने इनकी याचिका खारिज कर दिया। कोर्ट ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की। बस अपने फैसले में इस फैसले को खारिज कर दिया। इस बारे में कोर्ट अपनी कार्रवाई पांच दिसंबर को ही पूरी कर चुका था।

कोर्ट में पेश न होने की छूट मिलने वाली याचिका के खारिज होने के बाद अब सोनिया और राहुल गांधी को कोर्ट में पेश होना होगा। यह मामला पटियाला हाऊस कोर्ट में चल रहा है।

इस मामले में मुख्य याचिकाकर्ता सुब्रहमणियम ने कहा कि कोर्ट द्वारा याचिका खारिज होने के बाद उन्हें अब हर हाल में कोर्ट में पेश होना होगा। स्वामी ने इसे अपनी जीत बताई। सोनिया और राहुल की तरफ से इस मामले को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल देख रहे हैं।

माालूम हो कि26 जून 2014 को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी के अलावा मोतीलाल वोरा, सुमन दूबे और सैम पित्रोदा को समन जारी कर पेश होने के आदेश जारी किए थे। इसी समन को लेकर कांग्रेस ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। अब तक कोर्ट ने समन पर पेश होने पर स्टे ऑर्डर लगा रखा था।

देश में भूकंप के हल्के झटके

news round of day 7122015

देश ने एक बार ‌फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए। भूकंप का केंद्र ताजिकिस्तान बताया गया है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.2 बतायी। भूकंप का केंद्र 28.7 किमी की गहराई पर था। पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी इसका असर पड़ा। हालांकि कहीं से भी भूकंप को लेकर किसी के हताहत होने की खबरें नहीं आई हैं।

भारत में भूकंप के ये झटके उत्तर भारत के इलाकों में ही महसूस किए गए। राजधानी दिल्ली के अलावा चंडीगढ़, श्रीनगर, पंजाब, हरियाणा, जयपुर में भूकंप के झटके लगे।

भारत में भूकंप के झटके बहुत हल्के थे। इस बार ज्यादातर लोग यह बात जान भी नहीं पाए कि भूकंप कब आया। भारत में किसी राज्य में भूकंप की वजह से किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।

भूकंप को लेकर अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया, "कोलकाता में अपनी टेबल पर बैठा हूं, थोड़ी देर से हिल रही है, ऐसा लगा कि कोई मशीन का काम चल रहा है लेकिन नहीं....ये तो भूकंप है।"

भारत ने 3-0 से जीती टेस्ट सीरिज

news round of day 7122015

‌दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में चल रहे भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरिज के आखिरी टेस्ट मैच ने भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 337 रनों से हरा दिया। मैच के आखिरी दिन टी तक 136 रन पर दक्षिण अफ्रीका के पांच विकेट थे।

उस समय क्रीच पर एबी डिवीलियर्स और डेन विलास थे। एबी अपनी रंगत में थे और उनकी डिफेंसिव बैटिंग को देखकर लग रहा था कि साउथ अफ्रीका इस मैच को ड्रा करा लेगी।

टी के बाद अचानक विकटों को पतझड़ शुरु हुआ। 31 गेंदों के अंदर दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी पांच विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी 143 पर सिमट गई। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका ने 121 रन बनाए थे।

भारत ने पहली पारी 334 रन बनाए थे। दूसरी पारी भारत ने पांच विकेट पर 267 रन बनाने के बाद पारी घोषित कर दी थी। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए चौथे दिन लंच के पहले 481 रनों का लक्ष्य मिला था।

चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका ने बेहद संयमित बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट खोकर 72 रन बनाए थे। मैच के आखिरी दिन सोमवार को दक्षिण अफ्रीका अपने स्कोर में महज 71 रन जोड़ पाया।

इस मैच में दोनों पारियों में शतक लगाने वाले अंजिक्ये रहाणे को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला। सीरिज में 31 विकेट लेने वाले आर अश्विन को मैन द सीरिज चुना गया।

टेस्ट सीरिज के पहले दक्षिण अफ्रीका ने भारत से वनडे और टी-ट्ंवेटी दोनों ही सीरिज जीती थी। भारत ने पलटवार करते हुए चार टेस्ट मैचों की सीरिज में अफ्रीका को 3-0 से हरा दिया। सीरिज का दूसरा टेस्ट मैच बेंगलुरु में बारिश की वजह से ड्रा हो गया था। भारत में उस मैच में भी जीतने की हालत में था।

सुविधाओं के लिए सुब्रत ने जेल को चुकाए सवा करोड़

news round of day 7122015

‌तिहाड़ जेल में बंद सुब्रत राय ने जेल की जिंदगी भी किसी होटल में रहने जैसी बिताई है। तिहाड़ जेल को पैसे चुकाकर उन्होंने जेल में होटल जैसी सुविधाएं जुटवा ली थीं। करीब डेढ़ साल से तिहाड़ जेल में बंद सहारा प्रमुख सुब्रत राय जेल की सुविधाओं के लिए अब तक सवा करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं।

यह रकम इतनी बड़ी है कि इससे 200 कैदियों का एक साल तक का खर्च चलाया जा सकता है। निवेशकों के करोड़ों रुपये न देने के आरोपों में सहारा प्रमुख 4 मार्च 2014 से ही दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं।

सहारा प्रमुख ने तिहाड़ जेल प्रशासन को उनकी विशेष सुरक्षा, बिजली, रख रखाव, कांफ्रेंस रूम, खान पान और उनकी अन्य सुविधाओं के लिए 1,23,70,000 की राशि जेल प्रशासन को दिए। हालांकि, नवंबर 2015 में उन्हें साधारण जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक उन्हें निवेशकों के 20 हजार करोड़ रुपये ब्याज सहित चुकाने है जिनमें सहारा के दो निदेशकों अशोक राय चौधरी और रवि शंकर दुबे का नाम भी शामिल है।

सुप्रीम कोर्ट ने सहारा प्रमुख के सामने यह सुझाव रखा था कि अगर वह जमानत पर बाहर जाना चाहते हैं तो उसके लिए उन्हें 10 हजार करोड़ रुपये की जमानत राशि जमा करनी होगी। इसमें 5,000 करोड़ रुपये कैश और बाकी राशि की बैंक गारंटी देनी थी।

दो दिन के लिए पाकिस्तान जाएंगी सुषमा स्वराज

news round of day 7122015

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दो दिन के लिए पाकिस्‍तान जाएंगी। स्वराज अफगानिस्तान के मुद्दे पर होने वाली एक अहम बैठक में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को पाकिस्तान के लिए रवाना होंगी। इस दो दिवसीय बैठक को 'हार्ट ऑफ एशिया' नाम दिया गया है जिसमें मध्य एशियाई देशों के मुद्दों पर चर्चा होगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

विकास के ट्वीट के मुताबिक यह दो दिवसीय बैठक है जिसका आयोजन पाकिस्तान के इस्लामाबाद में किया जाएगा। यह बैठक आगामी 9 से 10 दिसंबर तक चलेगी जिसमें सुषमा स्वराज भारत का नेतृत्व करेंगी। विदेश मंत्रालय की ओर से यह जानकारी रविवार को बैंकाक में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए एनएसए स्तर की मीटिंग के अगले दिन दी गई।

गौरतलब है कि हाल ही में पेरिस में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक अनौपचारिक बातचीत हुई थी। ऐसा माना जा रहा है कि इसी मुलाकात के बाद दोनों देशों ने बातचीत जारी रखने का फैसला लिया।

हालांकि इस मसले पर सदन में हंगामा हुआ। कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने राज्यसभा में कहा कि जब पाकिस्तान के साथ सबकुछ हो रहा है तो क्या ‌सिर्फ हमें क्रिकेट खेलने में दिक्कत है?

केजरीवाल के प्लान को कोर्ट में चुनौती

news round of day 7122015

अरविंद केजरीवाल द्वारा एक दिन ईवन नंबर की कार और एक दिन ऑड नंबर की कार चलाने वाले फॉर्मूले को कोर्ट में चुनौती मिली है।

सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका के जरिए इस फैसले पर रोक लगाने की बात कही गई है। इस याचिका में कोर्ट से एक जनवरी से शुरू होने वाले कार प्लान पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है।

याचिका में कहा गया है कि सरकार के फैसले पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए क्योंकि फ़ैसला बिना ये पता लगाए किया गया है कि आखिर किस वाहन से कितना प्रदूषण फ़ैल रहा है।

कोर्ट के साथ यह मुद्दा संसद में भी उठा। कांग्रेस के सांसद प्रमोद तिवारी ने इसे एक तुगलकी फरमान बताया है। जबकि कांग्रेस के ही सांसद जयराम रमेश ने इस प्लान का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि यह थोड़ा कठिन है लेकिन यदि यह अप्लाई हो जाता है तो इससे प्रदूषण में कमी भी आ सकती है।

केजरीवाल के इस फैसले में एक दिन ईवर और एक दिन ऑड नंबर की कार चलाने की बात कही गई थी। रविवार को हर नंबर की कार को छूट मिलने का प्रावधान है।

ओबामा ने दी सख्त चेतावनी

news round of day 7122015

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान कैलिफोर्निया हमले को आतंकवादी हमला करार दिया। इस दौरान उन्होंने इस्लामिक स्टेट समूह (आईएस) को खत्म करने की कसम खाई। उन्होंने आईएस के लड़ाकों को 'ठग और कातिल' की संज्ञा दी। उन्होंने यहां सख्त लहजे में कहा कि जो नुकसान पहुंचाएगा उसे खत्म कर दिया जाएगा।

व्हाइट हाउस के ओवल कार्यालय से अपने संबोधन में ओबामा ने कहा, 'इस हमले में अत्याधुनिक हथियारों, कारतूसों और पाइप बमों का इस्तेमाल किया गया था। इसलिए यह एक आतंकी हमला है।'

उन्होंने कहा कि देश को ऐसे हमलों से डरने की जरूरत नहीं है। अमेरिका ऐसे हमलों से अब और सख्ती से निपटेगा और देश की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। ओबामा ने यहां आईएस के खात्मे के लिए हवाई हमले और तेज करने की भी बात कही। हालांकि, ओबामा ने यह भी कहा कि वो इसके लिए सीरिया में सेना नहीं भेजेंगे।

इसके अलावा उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कितनी तेजी से इन आतंकी संगठनों पर नकेल कसी जाए। पाकिस्तान मूल के एक दंपत्ति ने कुछ दिन पहले ही कैलिफोर्निया पर हमला किया था, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed