फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   news round of day 3122015

न्यूज राउंडअपः पढ़िए दिनभर की हर बड़ी खबर सिर्फ 5 मिनट में

Thu, 03 Dec 2015 08:44 PM IST
Updated Thu, 03 Dec 2015 08:44 PM IST
विज्ञापन
news round of day 3122015

पिछले 15 दिनों से बारिश से बुरी तरह से प्रभावित तमिलनाडु का दौरा करने के लिए नरेंद्र मोदी गुरुवार को चेन्नई पहुंचे। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता से मुलाकात करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु को केंद्र सरकार 1000 करोड़ रुपए का सहयोग दे रही है। यह राशि राहत के साथ पुर्ननिर्माण के काम में भी आएगी। मोदी ने राहत कार्यों का जायजा भी लिया।

विज्ञापन


तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और आसपास के जिलों में पिछले 15 दिनों से बारिश का कहर जारी है। बुधवार को भारी बारिश और बाढ़ की वजह से चेन्नई का एयरपोर्ट बंद कर दिया गया था। इस मसले की गूंज संसद में भी सुनाई दी थी।
विज्ञापन


हालात का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार की दोपहर चेन्नई पहुंचे। यहां एनडीआरएफ, सेना और वायुसेना ने राहत का काम संभाल रखा है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा को तमिलनाडु के हालात से अवगत कराया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि बारिश से तमिलनाडु 269 और आंध्र प्रदेश में 54 नागरिकों की मौत हो गई। इसके अलावा 40 फीसदी मोबाइल भी भारी बारिश की वजह से काम नहीं कर रहे हैं। गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने बताया कि केंद्र सरकार हालात पर नजर रखे हुए है।

पहले दिन भारत ने गंवाए 7 विकेट

news round of day 3122015

दक्षिण अफ्रीका के साथ सीरिज का चौथा टेस्ट मैच खेलते हुए भारत ने पहले दिन सात विकेट गंवा दिए। स्कोर बोर्ड पर अभी 231 रन ही टंग पाएं हैं। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन अजिंक्य रहाणे ने बनाए। वह 89 रन बनाकर अभी भी क्रीज पर हैं।

खराब रोशनी के कारण समय से पहले खत्म हुए दिन के खेल में भारत ने 7 विकेट पर 231 रन बना लिए थे। इससे पहले दिल्ली के फिरोजशाह कोटला के मैदान में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने सधी शुरुआत के बाद टी-ब्रेक से पहले जल्दी-जल्दी 6 विकेट गंवा दिए।

लेकिन एक छोर पर टिके रहाणे ने कप्तान विराट कोहली (44) और रविंद्र जडेजा (24) के साथ क्रमश: चौथे और छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को दो सौ के करीब पहुंचा दिया। अफ्रीकी फिरकी गेंदबाज डेन पीडेट ने लाजवाब गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके जबकि काइली एबॉट ने 3 विकेट निकाले।

भारत ने इस पारी में 231 रन बना लिए हैं जो टेस्ट सीरीज में किसी भी टीम की ओर से बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भारत ने सीरीज में नागपुर टेस्ट की एक पारी में 215 रन बनाए थे। इससे पहले कोहली ने सीरीज में लगातार चौथी बार टॉस जीतने का कारनामा कर दिखाया।

'दम है तो अयोध्या में मंदिर बनाकर दिखाएं भागवत'

news round of day 3122015

एक दिन पहले अपने जीते जी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का दावा करने वाले संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर तीखा पलटवार आया है। अयोध्या में बाबरी मस्जिद के मुख्य पक्षकार हाशिम अंसारी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अंसारी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दम हो तो भागवत अयोध्या में आकर मंदिर बनाएं।

अंसारी का कहना है कि छह दिसंबर को मोहन भागवत के नाम पर मातम मनाएंगे। 6 दिसंबर को बाबरी विध्वंस की बरसी मनाई जाती है।

मालूम हो कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कोलकाता में हुए एक कार्यक्रम में राम मंदिर बनाने की बात कही थी। उन्होंने कहा, उम्मीद करता हूं कि ये लक्ष्य मेरे जीवन में ही पूरा हो जाए। मैं चाहता हूं कि मैं इसे होता देख सकूं।

उन्होंने ये भी कहा कि मंदिर निर्माण के लिए हर बलिदान के लिए तैयार रहना होगा। इसके अलावा विश्व हिंदू के नेता अशोक ‌सिंघल की श्रद्धांजलि सभा में भी मोहन भागवत ने अयोध्या में मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाया था।

तीरथ सिंह बने सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति

news round of day 3122015

न्यायमूर्ति तीरथ सिंह ठाकुर सर्वोच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें 43 वें मुख्य न्यायधीश के रूप में शपथ दिलाई। उन्होंने दो दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए न्यायमूर्ती एच.एल दत्तू का स्थान लिया है। वो 2017 जनवरी में अपने पद से सेवानिवृत्त होंगे।


तीरथ सिंह ठाकुर के बारे में कुछ बातें जान लीजिए। न्यायधीश टी.एस.ठाकुर का जन्म जम्मू -कश्मीर के रामबन जिले में 4 जनवरी 1952 को हुआ था। न्यायधीश टी.एस ठाकुर की बेंच ने आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग के मामले में भी फैसला दिया था। बताते चलें कि इस बेंच को क्रिकेट के प्रशासनिक अमलों को साफ-सुथरा बनाने के लिए कदम उठाने का श्रेय दिया जाता है।

न्यायधीश टी.एस. ठाकुर की बेंच ने ही पश्चिम बंगाल के सारधा चिट फंड घोटाले में सीबीआई जांच के आदेश दे दिए थे। इस घोटाले ने ममता बनर्जी की सरकार को काफी मुसीबत में डाल दिया था। इन्होंने उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन घोटाले के आरोपियों के बेल की सुनवाई भी की है, जिसमें तात्कालीन बसपा सरकार के मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा शामिल थे।

न्यायधीश ठाकुर खुद को टेंशन फ्री रखने के लिए रोजना बैडमिंटन खेलते हैं। इन्होंने भी अपने पिता के नक्शे-कदम पर चलते हुए जम्मू और कश्मीर के लॉ चैंबर से अपनी शुरुआत की।

वीरेंद्र सहवाग ने रखी अजीब शर्त

news round of day 3122015

गुरुवार को वीरेंद्र सहवाग को फिरोज शाह कोटला मैदान में बीसीसीआई क्रिकेट के ‌लिए उनके योगदान के लिए सम्मानिता किया गया। इस मौके पर उनके साथ उनकी मां और पत्नी आरती के अलावा दोनों छोटे बेटे भी साथ में थे।

सम्मान समारोह के बाद वीरेंद्र सहवाग ने कोटला के मैदान पर मैच का लुत्फ लिया। मैच के दौरान ही उन्होंने अपने क्रिकेट जीवन के कुछ पल को लेकर बात भी किया। टेस्ट मैच में दो बार तिहरा शतक लगाने वाले 'नजफगढ़ के सुल्तान' ने खुलासा किया कि उन्होंने एक फेरारी कार की व्यवस्था की है जिसे वो अपने उस बेटे को देंगे जो उनकी सर्वश्रेष्ठ टेस्ट पारी 319 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ देगा।

कमेंट्रेटर हर्ष भोगले के साथ बातचीत करते हुए यह बात बताई कि उन्होंने एक फेरारी कार की व्यवस्था कर रखी है जो उनके उस बेटे के लिए है जो क्रिकेट के मैदान पर उनके 319 रनों की पारी का रिकॉर्ड तोड़ देगा।

उन्होंने साथ में यह भी जोड़ा कि वे यह रिकॉर्ड क्रिकेट के किसी भी फॉरमेट में तोड़ सकते हैं। साथ ही इसे किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के बजाए किसी भी स्तर के मैच में तोड़ने पर भी फेरारी कार इनाम के तौर पर दी जाएगी।

गोलीबारी में मारे गए 14 लोग

news round of day 3122015

अमरीकी राज्य कैलिफोर्निया के सैन बर्नारडिनो में हुई गोलीबारी में 14 लोग मारे गए हैं और 17 अन्य घायल हुए हैं। पुलिस कार्रवाई में शामिल एक अधिकारी के मुताबिक पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो संदिग्ध हमलावर भी मारे गए हैं। इनमें एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

पुलिस ने एक तीसरे व्यक्ति को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि उस व्यक्ति का इस गोलीबारी से सीधा कोई संबंध है या नहीं। सैन बर्नारडिनो के पुलिस प्रमुख के अनुसार गोलीबारी विकलांग लोगों के लिए बनाए गए एक सामाजिक सेवा केंद्र पर उस समय हुई जब वहां एक कार्यक्रम चल रहा था।

पुलिस इमारत में एक संदेहास्पद बैग मिला है, पुलिस ने उसमें विस्फोटक होने की आशंका जताई है। बैग मिलने के बाद इमारत को खाली करा लिया गया है।

शहर के पुलिस प्रमुख के मुताबिक हमलावर सैनिकों की तरह कपड़े पहने हुए थे और भारी हथियारों से लैस थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला होते ही लोगों ने बचने के लिए अपने आपको कमरों में कैद कर लिया।

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमरीका में गोलीबारी का एक पैटर्न है जिसकी मिसाल दुनिया में और कहीं नहीं मिलती। उन्होंने कहा, ''हम लोग इस बारे में कोई कदम तो उठा सकते हैं। इस तरह की वारदात को पूरी तरह खत्म नहीं कर सकते, लेकिन इतना तो कर ही सकते हैं कि ऐसी घटनाएं कम हों।"

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed