न्यूज राउंडअपः पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें 5 मिनट में
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में भारत-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट मैच के दूसरे दिन अजिंक्य रहाणे (127) के सीरीज में लगाए पहले शतक की बदौलत भारत ने पहली पारी में 334 रन बनाए।
पहली बार इस सीरीज में किसी टीम ने 250 से ज्यादा का स्कोर किया था जिसके जवाब में अफ्रीकी टीम 50 ओवर के अंदर 121 रनों पर सिमट गई। उसकी ओर से एबी डीविलियर्स ने 42 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। पहली पारी के आधार पर भारत को 213 रनों की विशाल बढ़त हासिल हुई और वह मेहमान को फॉलोऑन के लिए कह सकता है।
जडेजा ने 30 रन देकर 5 विकेट झटके जबकि उमेश यादव और आर अश्विन ने 2-2 और इशांत शर्मा को एक सफलता मिली। इससे पहले लंच के आधे घंटे बाद भारत की पहली पारी 334 रनों पर खत्म हो गई। इमरान ताहिर की गेंद पर आउट होने से पहले रहाणे (127 रन, 215 गेंद) ने आर अश्विन (56) के साथ आठवें विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की।
ढाई साल पुराने अपने टेस्ट करियर में रहाणे ने भारत की सरजमीं पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। फिर अश्विन ने लंच से पहले छक्का मारकर अपने करियर की छठी फिफ्टी लगाई। अफ्रीकी टीम की ओर से काइली एबॉट 40 रन देकर 5 विकेट लिए।
पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
'मुलायम को PM मानें तभी कांग्रेस से गठबंधन'
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में क्या समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने को तैयार है? अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर मुलायम सिंह यादव को देश का पीएम बनाया जाए और राहुल गांधी को डिप्टी पीएम तो वो हाथोंहाथ गठबंधन के तैयार हैं।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद राहुल गांधी ने भी चुप्पी साध ली। राहुल गांधी से जब इस बयान पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई तो वो कुछ नहीं बोले। इससे पहले अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि राहुल गांधी उनके बहुत पुराने मित्र भी हैं। अखिलेश ने कहा कि आप राहुल से भी पूछ सकते हैं।
इसी कार्यक्रम में सीएम अखिलेश यादव ने यूपी के कद्दावर नेता आजम खां के पक्ष में भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि वो आजम खां को अपने कैबिनेट से नहीं हटाएंगे। अखिलेश ने कहा कि हमारी बातों को मीडिया हमेशा ही गलत तरीके से ले लेती है। आजम खां को भी ध्यान से सुनेंगे तो समझ में आएगा कि वो क्या कह रहे हैं? उनकी बातों का गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।
पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
बिहार में लगेगा शराब पर बैन
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रदेश में अपने शराबबंदी के ऐलान पर कायम हैं। पहले ऐसी खबरें आ रही थीं कि उन्होंने यू-टर्न लेते हुए इसे देसी शराब तक सीमित कर दिया है और अंग्रेजी शराब को हतोत्साहित करने के लिए सरकार इस पर ड्यूटी बढ़ा देगी ताकि लोग इसे खरीदने से बचें।
बिहार सरकार के फैसले के अनुसार प्रदेश में शराबबंदी एक अप्रैल 2016 से ही लागू होगी। वहीं बिहार के आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री अब्दुल जलील मस्तान का कहना है कि प्रदेश में सभी तरह की शराब पर बैन लगेगा।
गौरतलब है कि 26 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐलान किया था कि 1 अप्रैल 2016 से प्रदेश में शराब ब्रिकी पर बैन लग जाएगा। नीतीश ने ये ऐलान एक प्रतिज्ञा के तौर पर किया था।
उल्लेखनीय है कि नीतीश ने शराब के मुद्दे को चुनावी सभाओं में महत्वपूर्ण ढंग से उठाया था और वादा किया था कि अगर उनकी सरकार बनती है तो वह शराब को पूरी तरह बंद कर देंगे।
पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
पीआईबी ने पीएम की गलत फोटो पोस्ट कर, मांगी माफी
भारत सरकार के प्रेस इंफार्मेशन ब्यूरो यानी पीआईबी के पीएम मोदी की गलत तस्वीर पोस्ट करने के बाद मचे बवाल के बाद माफी मांग ली है। गौरतलब है कि पीएम के चेन्नई में हालात का जायजा लेने के दौरान धुंधली तस्वीर को फोटोशॉप की मदद से ठीक कर पोस्ट करने के बाद से पीआईबी पर सोशल मीडिया मजाक शुरू हो गया।
इतना ही नहीं पीआईबी की गलत तस्वीर छापने के कारण आलोचक उस तस्वीर को फोटोशॉप कर तरह-तरह की तस्वीरें जोड़ सोशल मीडिया पर पोस्ट करने लगे। दरअसल, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बाढ़ का जायजा लेते समय मोदी ने विमान की खिड़की से बाहर झांकते हुए एक तस्वीर ट्वीट की।
ट्वीट की गई इस तस्वीर में खिड़की के बाहर का नजारा धुंधला था और पानी में डूबे खेत दिख रहे थे। इस फोटो को पीआईबी ने री-ट्वीट किया। कुछ ही देर में पीआईबी ने फिर एक मिलती-जुलती तस्वीर पोस्ट की जिसमें विमान की खिड़की पर पानी में डूबे घरों और पेड़-पौधों की तस्वीर चिपकी दिखाई दी। लोगों ने इस फोटोशॉप चित्र को री-ट्वीट करना शुरू कर दिया। अखिर पीआईबी को अपना ट्वीट हटाना पड़ा।
पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
मिस्र के एक रेस्तरां में बम धमाका, 16 लोगों की मौत
मिस्र की राजधानी काहिरा में एक रेस्तरां में बम फेंकने की घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में दर्जनों घायल हो गये हैं जिन्हे स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार ये घटना शहर के अगोजा इलाके में हुई। समाचार पत्र काहिरा पोस्ट के अनुसार तीन नकाबपोशों ने रेस्तरां पर 15 पेट्रोल बम फेंके और फरार हो गए।
खबरों के मुताबिक एक नाइटक्लब को भी निशाना बनाया गया। अभी ये पता नहीं चल सका है कि हमला चरमपंथियों ने किया है कि किसी और ने? मिस्र में पिछले कुछ सालों में चरमपंथ से जुड़ी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है।
पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें