सऊदी अरब में मिली आदित्यनाथ की फोटो पोस्ट करने वाले की लोकेशन
फेसबुक पर महंत आदित्यनाथ की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने वाले सुल्तान की लोकेशन क्राइम ब्रांच को सऊदी अरब में मिली है। फेसबुक पर मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम उससे जुड़े लोगों के बारे में छानबीन कर रही है।
जांच में ऑल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईईएम) नेता औैवेसी की संलिप्तता नहीं मिली है। क्राइम ब्रांच की टीम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
फेसबुक पर बने आई सपोर्ट औवेसी पेज पर महंत आदित्यनाथ की फोटो पोस्ट करने वाला सुल्तान सऊदी अरब में है। आठ माह पहले वह गोरखपुर से गया था। वह सऊदी की एक प्राइवेट कंपनी में गाड़ी चलाता है।
जांच के बाद केस से हटाया ओवैसी का नाम
फेसबुक अकाउंट की छानबीन के बाद क्राइम ब्रांच की साइबर सेल को गोरखनाथ क्षेत्र में सुल्तान का घर होने की जानकारी भी मिली है। शुक्रवार को टीम ने पूरे दिन सुल्तान के फेसबुक अकाउंट से जुड़े लोगों के बारे में छानबीन की।
बुधवार की रात राजघाट थाने में हिंदू युवा वाहिनी नेता एवं पूर्व पार्षद रामभुआल कुशवाहा ने ऑल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी और सुल्तान के खिलाफ धार्मिक भावना भड़काने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया था।
जांच के बाद इस मामले में असदुद्दीन की भूमिका न होने पर उनका नाम हटा दिया गया था। एसएसपी लव कुमार ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेंगे।