ट्रेन से सफर कर रहे हैं तो जरूर पढ़ें ये खबर
रेल मंत्रालय की ओर से हाल ही में लागू नया टाइम टेबल 89 ट्रेनों के लिए वरदान बन गया है। नया टाइम टेबल लागू होने से इन 89 ट्रेनों के समय में पांच मिनट से लेकर 155 मिनट तक का फर्क पड़ा है।
यानी ये ट्रेनें अब पूर्व निर्धारित समय से काफी पहले गंतव्य तक पहुंच रही हैं, जिसका सीधा फायदा रेल यात्रियों को हो रहा है। नए टाइम टेबल को सख्ती से लागू करने और ट्रेनों का समय सुधारने के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों के स्टॉपेज भी कम किए हैं।
उन स्टॉपेज को खत्म कर दिया गया है जहां से ट्रेन के लिए पैसेंजर नहीं मिल रहे थे। ट्रेनों के आवागमन के दौरान आने वाली कई तरह की बाधाओं को भी समाप्त किया गया है। इसी का नतीजा है कि 89 ट्रेनों के समय में व्यापक सुधार हुआ है।
ये ट्रेन पहुंचेंगी जल्दी
सबसे अधिक 155 मिनट का सुधार पुरी से गांधीधाम को जाने वाली ट्रेन में आया है। इसके अलावा इलाहाबाद से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन अब दो घंटे पहले पहुंचेगी।
कानपुर से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन अब 40 मिनट, लखनऊ से बरौनी को जाने वाली ट्रेन अब 30 मिनट, हरिद्वार से पुरी को जाने वाली ट्रेन 40 मिनट, वाराणसी से उधाना को जाने वाली ट्रेन एक घंटा और रामनगर से चंडीगढ़ को जाने वाली ट्रेन 15 मिनट पहले अपने गंतव्य पर पहुंचेगी।
यही नहीं दिल्ली से मुंबई के बीच चलने वाली तीन राजधानी और मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलने वाली शताब्दी ट्रेन के समय में 15 से 25 मिनट का सुधार हुआ है।