बन गया नया आतंकी गुट, चुन-चुन कर मार रहा पूर्व आतंकियों को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर में आतंकी गुट लश्कर-ए -इस्लाम पूर्व आतंकियों को निशाना बना रहा है। घाटी में मोबाइल टावरों पर हुए हमले के क्रम में यह नया आतंकी गुट चर्चा में आया था।
जम्मू कश्मीर सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को आतंकी हमलों के बारे में रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आतंकी संगठन के कमांडरों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दस लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका है।
माना जा रहा है कि हिज्बुल मुजाहिदीन अब लश्कर-ए इस्लाम का नकाब ओढ़कर हमले कर रहा है। लश्कर-ए-इस्लाम के कमांडर के रूप में अब्दुल क्यूम और इम्तियाज अहमद कंडू को चिह्नित किया गया है।
गौरतलब है कि सोपोर में लगातार हो रहे हमलों में आधा दर्जन से अधिक पूर्व आतंकी और नागरिक मारे जा चुके हैं। हिजुबुल मुजाहिदीन का पूर्व कमांडर वहीद उर्फ हमजाह की भी इस दौरान हत्या कर दी गई।
सुरक्षा बलों को ठहराया जा रहा दोषी
संगठन इन हमलों के लिए सुरक्षा बलों को दोषी ठहरा रहा है। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जताई है कि कुपवाड़ा, बारामूला, शोपियां और श्रीनगर में नागरिकों और पूर्व आतंकियों पर आतंकी हमले अभी और हो सकते हैं।
हमले की आशंका के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कुपवाड़ा, बारामूला, शोपियां, श्रीनगर, डोरू, मुंडजी, बदामबागऔर बटपोरा में तलाशी अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। सुनियोजित साजिश के तहत आतंकी गुट की ओर से सोपोर में रात के वक्त दरवाजों को खटखटाने और दुकानों के शटर पीटने की घटनाएं हो रही हैं।
गृह मंत्रालय को मिली रिपोर्ट के मुताबिक ऐसे प्रयासों से आम लोगों में दहशत और भय का माहौल बनाया जा रहा है ताकि केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ गुस्सा भड़काया जा सके। पूर्व आतंकियों द्वारा आतंकियों के सफाया संबंधी रक्षा मंत्री मनोहर परिकर के बयान के बाद हिज्ब ने पूर्व आतंकियों पर हमले बढ़ाए हैं।