इंटरनेट से रेल टिकट बुक कराने वालों को बड़ा तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब आपकी आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर रेल टिकट बुक नहीं हो पाने की शिकायत दूर हो जाएगी। क्योंकि रेल मंत्री ने बुधवार को अगली पीढ़ी का रेलवे ई-टिकट बुकिंग सिस्टम लांच कर दिया।
इस नए सिस्टम में प्रति मिनट 7200 टिकटों की बुकिंग हो सकेगी जो पूर्व की बुकिंग क्षमता से करीब साढ़े तीन गुना ज्यादा है। इस सिस्टम को लांच करने के बाद रेल मंत्री सदानंद गौड़ा ने कहा कि रेल बजट में इसका वादा किया गया था जिसे आज पूरा कर दिया गया।
इस नए सिस्टम को करीब 180 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स ने विकसित किया है। टिकट बुकिंग के पूर्व सिस्टम में एक मिनट में केवल दो हजार टिकट ही बुक हो पाते थे।
'सरकार पूरा कर रही है अपना वादा'
अब इस सिस्टम में एक साथ 1,20,000 यूजर टिकट बुक कर सकते हैं जबकि पूर्व में यह क्षमता केवल 40 हजार यूजर्स की थी।
इस सिस्टम को सफलतापूर्वक लांच किए जाने के बाद गौड़ा ने कहा कि दो माह और पांच दिन पहले बजट पेश किया गया और आज हम उसमें किए गए वादे को पूरा कर रहे हैं।
उन्होंने आशा जताई कि अगर इसी गति से काम चलता रहा तो सभी वादे अगले बजट से पहले पूरे कर लिए जाएंगे। ई-टिकटिंग के अलावा गौड़ा ने सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कई अन्य कदमों की शुरुआत की।
इसमें ट्रेन इंक्वायरी मोबाइल अप्लीकेशन और गो-इंडिया स्मार्ट कार्ड शामिल है। माल बोगियों को बुक करने के लिए ई-डिमांड और ई-डायवर्जन सिस्टम को भी लांच किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे के संचालन से जुड़ी गतिविधियों को ऑनलाइन करने का सुझाव दिया है।
‘गो इंडिया’ स्मार्ट कार्ड
बुकिंग काउंटरों पर लेनदेन का समय कम करने के लिए मेट्रो के स्मार्ट कार्ड के तर्ज पर रेलवे ने ‘गो इंडिया’ स्मार्ट कार्ड लांच किया है। इसके जरिए यात्री सभी तरह की रेल यात्रा के लिए टिकट का भुगतान कर सकेंगे।
अभी इस कार्ड का इस्तेमाल देश के केवल 12 स्टेशनों पर बने खास काउंटरों और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों में किया जाएगा।
नई दिल्ली-हावड़ा रूट के नई दिल्ली, कानपुर, इलाहाबाद, धनबाद, आसनसोल और हावड़ा स्टेशनों पर इसका इस्तेमाल होगा। दिल्ली-मुंबई रूट के अन्य छह स्टेशनों पर भी यह मान्य होगा।