आर्मी चीफ बनते ही सुहाग की पाक को बड़ी चेतावनी
सेनाध्यक्ष के रूप में कार्यकाल के पहले ही दिन जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में अपने नापाक इरादों से बाज आने की चेतावनी दी।
उन्होंने पड़ोसी देश को चेताते हुए कहा कि सैनिकों के सिर काटने जैसी घटनाएं अगर भविष्य में दोबारा हुईं तो भारत उसका उचित, तीव्र और तत्काल जवाब देगा।
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में गार्ड ऑफ ऑनर हासिल करने के बाद जनरल सुहाग ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना फिर से होने पर हम उसका करारा जवाब देंगे। यह तीव्र और तत्काल प्रतिक्रिया होगी।
नए सेनाध्यक्ष से पिछले साल 8 जनवरी को पुंछ सेक्टर में एलओसी पर लांस नायक हेमराज के पाक सैनिकों द्वारा सिर काटे जाने पर भारत के पाकिस्तान को दिए जाने वाले जवाब पर सवाल किया गया था।
'उचित तीव्र और तत्काल जवाब दिया जाएगा'
सेनाध्यक्ष जनरल सिंह ने उन पर विश्वास जताने के लिए सरकार का आभार जताया। भाजपा ने शुरुआत में जनरल सुहाग की नियुक्ति पर ऐतराज जताया था लेकिन सरकार में आने के बाद उसने पूर्ववर्ती सरकार के फैसले का कोर्ट में समर्थन किया।
पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सिर काटने की घटना होने के बाद भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था।
बॉर्डर एरिया टीम (बैट) के तहत विशेष पाकिस्तानी बलों ने घुसपैठ कर लांस नायक हेमराज का सिर काट लिया था और लांस लायक सुधाकर सिंह के शरीर को कई जगह से काट डाला था। इसके बाद पिछले ही साल अगस्त में उन्होंने इसी सेक्टर में पांच सैनिकों की हत्या कर दी थी।