‘नेपाल को भारत की धौंस मंजूर नहीं’
नेपाल की क म्यूनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के एक बड़े नेता ने कहा है कि उनका देश भारत के धौंस भरे रवैये को बर्दाश्त नहीं करेगा। पार्टी के सचिव प्रदीप ग्यावली ने मोदी सरकार से अपील की है कि वह नेपाल और भारत के रिश्तों में आए हालिया तनाव को खत्म करने को तवज्जो दे। अगर भारत विश्व राजनीति में अपनी भूमिका निभाना चाहता है तो उसे पहले अपने पड़ोसियों के साथ सौहार्दपूर्ण रिश्ते कायम करने होंगे।
ग्यावली के मुताबिक, ‘मोदी सरकार को दोनों देशों के संबंधों में आए तनाव को प्राथमिकता के आधार पर हल करना चाहिए। नेपाल भारत के साथ समानता का रिश्ता चाहता है। चीन के साथ भी यह ऐसा ही रिश्ता चाहता है।
रिश्तों में बराबरी होनी चाहिए
ग्यावली ने कहा कि भारत की धौंस की बात करने का मतलब यह नहीं है कि हम किसी ऐसे देश से दोस्ती बढ़ाएंगे जो हमारे साथ ऐसा ही व्यवहार करे। हम मानते हैं कि रिश्तों में बराबरी होनी चाहिए। अगर भारत अपने पड़ोसियों से बराबरी का रिश्ता नहीं रखेगा तो अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसकी भूमिका पर सवाल उठेंगे।