नेपाली राजदूत बोले, बलात्कारियों को मिलनी चाहिए सजा
गुड़गांव में कथित रेप मामले में सऊदी राजनयिक के भारत छोड़ने पर भारत में नेपाल के राजदूत ने कहा है कि विएना कन्वेंशन पर फिर से गौर करने की जरूरत है।
भारत में नेपाल के राजदूत दीप कुमार उपाध्याय ने कहा कि दोषी को सजा तो मिलनी ही चाहिए। दीप उपाध्याय ने कहा, ''यह मानवता पर कलंक है, और इसमें पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए।
''सऊदी अरब के राजनयिक पर दो नेपाली महिलाओं ने अगवा करने और दिल्ली से सटे गुड़गांव में उनके साथ बार-बार बलात्कार का आरोप लगाया गया है।
सजा तो मिलनी चाहिए
नेपाली राजदूत ने उम्मीद जताई है कि सऊदी सरकार के साथ मिल कर भारत सरकार और नेपाल सरकार राजनयिक स्तर पर इस विषय पर काम करेंगे।
उन्होंने कहा, "विएना कन्वेंशन के तहत राजनयिकों को जो संरक्षण प्रदान किया गया है, उस पर दोबारा सोचने की जरूरत है ताकि तय किया जा सके कि किस तरह की घटना पर इम्यूनिटी मिलने की जरूरत है और किसमें नहीं।
"दीप उपाध्याय का मानना है कि सउदी कानून के तहत हो या भारतीय कानून के तहत, अपराध और अपराधी हैं तो सजा तो मिलनी ही चाहिए।
सऊदी अरब के राजनयिक ने भारत छोड़ा
उन्होंने कहा, ''हम प्रयास कर रहे हैं, भारत सरकार भी प्रयास करेगी। यहां भी कोर्ट में कार्यवाही चल रही है।'' उन्होंने बताया कि वे भारत के विदेश मंत्रालय से संपर्क में हैं और अभियोजन पक्ष पर नजर बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में नाम आने वाले सऊदी अरब के राजनयिक ने भारत छोड़ दिया है।
(नेपाल के राजदूत दीप कुमार उपाध्याय से बीबीसी संवाददाता मोहनलाल शर्मा की बातचीत पर आधारित)