दाउद पर अपनी बात से पलट गए नीरज कुमार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त नीरज कुमार ने उन रिपोर्टों का खंडन किया है, जिनमें उनके हवाले से कहा गया था कि अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम ने उनसे 1993 के बम विस्फोटों के बाद आत्मसमर्पण के लिए सौदेबाजी की थी। दाऊद 1993 में मुंबई में हुए सीरियल विस्फोटों का मुख्य आरोपी है।
एक अखबार में शनिवार को छपे कुमार के इंटरव्यू में कहा गया है कि दाऊद उनके संपर्क में था और वह आत्मसमर्पण करना चाहता था, लेकिन सरकार ने इस योजना पर पानी फेर दिया। वर्ष 1976 बैच के आईपीएस कुमार 2013 में दिल्ली पुलिस के आयुक्त पद से रिटायर हुए थे।
कुमार ने दावा किया है कि उन्होंने ऐसा कोई इंटरव्यू नहीं दिया। वह एक परिचित रिपोर्टर से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे और रिपोर्टर ने बातचीत को तोड़-मरोड़ कर पेश कर दिया, जो गलत और दुर्भाग्यपूर्ण है। कुमार ने कहा कि कभी भी दाऊद ने आत्मसमर्पण की बात नहीं कही और न ही किसी ने उसे आत्मसमर्पण करने से रोका।
उस वक्त सीबीआई में डीआईजी के पद पर तैनात कुमार ने मुंबई ब्लास्ट की जांच की थी। उन्होंने स्वीकार किया कि दाऊद से उनकी बात हुई थी, लेकिन वह बातचीत मुंबई सीरियल ब्लास्ट में उसका पक्ष जानने के लिए थी।
पहले दाऊद को पकड़ने की बात कह चुके हैं कुमार
ताजा विवाद से पहले पिछले माह एक किताब के विमोचन मौके पर कुमार ने कुछ ऐसा ही दावा किया था। उन्होंने दाऊद को एक जेंटलमैन संबोधित करते हुए कहा था कि सीबीआई ने नॉन स्टेट एक्टर्स के जरिए उसको पकड़ने की योजना बनाई थी, लेकिन राजनीतिक नेतृत्व ने इस कोशिश पर पानी फेर दिया।
पिछले माह की 17 तारीख को पत्रकार और लेखक एस. हुसैन जैदी की किताब ‘मुंबई एवेंजर्स’ के विमोचन मौके पर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह भी थे। उन्होंने कहा था कि भारतीय सेना 26/11 की घटना का बदला लेने के लिए देश से बाहर मौजूद अपराधियों को खत्म करने के लिए ऑपरेशन चलाने में सक्षम है, लेकिन कुछ विचार ऐसा करने से रोक रहे हैं।
कुमार ने कहा था कि सीबीआई ने नॉन स्टेट एक्टर्स की सहायता से इस मिशन को अंजाम देने की सभी तैयारी कर ली थी। इस पर काफी पैसा भी खर्च हुआ था। जिस तरह से पाकिस्तान नॉन स्टेट एक्टर्स का लगातार इस्तेमाल करता है, उसी तरह हमने भी योजना बनाई थी।