'सोनिया गांधी ने मुझसे माफी मांगी'
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का पुराना तेवर बरकरार है।
बृहस्पतिवार को जयपुर में सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी आमतौर पर न तो किसी के घर जाती हैं और न ही किसी से माफी मांगती हैं, लेकिन मेरी किताब को रुकवाने के सिलसिले में वह मुझसे मिली थीं। इतना ही नहीं, राजनीति में मेरे साथ अच्छा नहीं करने की शिकायत पर सोनिया ने मुझसे सॉरी भी कहा था।
नटवर सिंह ने जयपुर में अपनी किताब ‘वन लाइफ इज नॉट एनफ’ के हिंदी संस्करण के विमोचन के मौके पर कहा कि मैंने जो देखा, किताब में वही लिखा है। मैंने कुछ भी गलत या बिलो द बैल्ट (हल्का) नहीं लिखा है। मैंने कोई विश्वासघात नहीं किया। कैबिनेट मंत्री के तौर पर मैं इनसाइडर था और जो सच देखा था, वह लिखा है।
'पटरी पर हैं मोदी, मनमोहन अच्छे आदमी'
नटवर सिंह ने कहा कि सोनिया और प्रियंका के मुझसे मिलने आने तथा किताब का विमोचन नहीं करने के लिए कहने से इस किताब में लोगों की रुचि जग गई।
मोदी सरकार की विदेश नीति की बात करते हुए नटवर सिंह कहा कि जवाहर लाल नेहरू ने पाकिस्तान, चीन और सुरक्षा परिषद में भारत की सदस्यता के मामले में तीन बड़ी गलतियां की थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलकुल पटरी पर चल रहे हैं।
सार्क देशों सहित जापान व चीन को लुभा चुके हैं और उनकी अमेरिका यात्रा सफल रहेगी। उन्होंने कहा कि मोदी के मामले में अमेरिका का अब तक का स्टैंड गलत था और यह अच्छी बात है कि वह अपनी गलती सुधार रहा है।
नटवर सिंह ने कहा कि मनमोहन सिंह अच्छे आदमी हैं, लेकिन अच्छे लीडर नहीं है। पिछले दस साल में उन्होंने एक बार भी पड़ोसी देशों की यात्रा नहीं की। वास्तव में पिछले कुछ सालों में तो उनकी कोई विदेश नीति ही नहीं रह गई थी।