राष्ट्रगान में आगे बढ़ते मोदी को अधिकारी ने हाथ पकड़कर रोका
द्विपक्षीय यात्रा पर रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब वह राष्ट्रगान के दौरान सावधान की मुद्रा में खड़े होने की बजाय चलते चले गए।
यह नजारा देख वहां खड़े एक अधिकारी ने तुरंत प्रधानमंत्री मोदी का हाथ पकड़ा और उन्हें लगभग खींचते हुए पीछे की ओर ले आया। इससे मोदी कुछ देर के लिए असहज हो गए, हालांकि इस सारे वाकये पर वह चुप्पी ही साधे रहे। अधिकारी के कहे अनुसार वह चुपचाप पीछे आकर भी खड़े हो गए।
खास बात ये रही कि ये सारा वाकया उस समय हुआ जब भारत का राष्ट्रगान बज रहा था। प्रधानमंत्री मोदी को एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था उसी समय यह घटना हुई। यह वाकया कैमरे में कैद हुआ तो सोशल मीडिया पर इसको लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया।
घटना के दौरान बज रहा था भारत का राष्ट्रगान
मॉस्को पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें सम्मान देने के लिए एयरपोर्ट पर ही गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। रूस पहुंचे मोदी ने दोनों देशों के बीच आर्थिक और सुरक्षा मामलों में बेहतर तालमेल की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा रूस भारत का पुराना सहयोगी है और दोनों देशों के बीच अटूट रिश्ता है। प्रधानमंत्री बनने के बाद दूसरी बार रूस की यात्रा पर पहुंचे मोदी की डिनर पर रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगे।
इसके अलावा वह फ्रैंड्स ऑफ इंडिया कार्यक्रम में वहां के कारोबारियों को भारत में निवेश करने के लिए आमंत्रित करेंगे। भारत को भी इस दौरे से काफी उम्मीदें हैं।