दुबई में 40 हजार लोगों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 और 17 अगस्त को दो दिन के दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाएंगे। इस दौरान वे अबू धाबी और दुबई का दौरा करेंगे। उनकी यात्रा को लेकर वहां बसे भारतीय समुदाय ने जबरदस्त तैयारी की है।
उन्होंने पीएम मोदी के लिए 17 अगस्त को शाम छह बजे दुबई क्रिकेट स्टेडियम में एक कार्यक्रम की तैयारी की है।
आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रही द इंडियन कम्युनिटी वेलफेयर कमेटी ने लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन और प्रमुख जगहों से यातायात की व्यवस्था की है। कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक रूप से प्रधानमंत्री के दौरे की घोषणा कर दी है। इसके अनुसार मोदी अबू धाबी के युवराज और यूएई की सेना के डिप्टी सुप्रीम कमांडर जनरल शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान के निमंत्रण पर संयुक्त अरब अमीरात जा रहे हैं।
वहां वह यूएई के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तथा दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम से भी मिलेंगे।
34 सालों में यूएई जाने वाले पहले भारतीय पीएम
मोदी के दौरे के महत्व को इस बात से समझा जा सकता है कि वे पिछले 34 सालों में यूएई जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
उनसे पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1981 में यूएई का दौरा किया था। जाहिर है कि मोदी की यात्रा को लेकर अपेक्षाएं आकाश छू रही हैं।
यूएई के प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक खलीज टाइम्स के अनुसार मोदी की यात्रा को लेकर यूएई में बसे भारतीय समुदाय के लोगों में बेहद उत्साह है।
कूटनीतिज्ञ सूत्रों के अनुसार मोदी का इजरायल से पहले यूएई जाना संतुलन कायम करने के रूप में देखा जा सकता है।