'मन की बात' में बोले मोदी, सड़क दुर्घटना में देंगे 'कैशलेस ट्रीटमेंट'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश की जनता से फिर एक बार अपने 'मन की बात' की है। इस बार उन्होंने किसी विशेष मुद्दे की बजाय अलग-अलग मुद्दों पर बात की। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई छोटे छोटे पर अहम मुद्दों को लेकर जनता की सोच को सबके सामने रखा।
मोदी ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत देश के किसानों और उनसे सम्बंधित मुद्दों से की। उन्होंने कहा कि इस बार अच्छे मानसून की वजह से खरीफ के फसल की अच्छी पैदावार होगी जिसका लाभ किसानों के साथ देश को भी मिलेगा। करगिल युद्ध के 16वें विजय दिवस के अवसर पर उन्होंने देश के किसानों की तुलना जवानों से की। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को ही देश के जवानों ने करगिल फतह पर ऐतिहासिक फतह हासिल की थी।
हमारे देश के एक-एक जवान ने दुश्मन देश के 100 जवानों को मारा। उन्होंने कहा कि करगिल युद्ध केवल सीमा पर ही नहीं लड़ा गया बल्कि देश के गांवों और शहरों में भी लड़ा गया। जवानों की मां बहनों और पिता ने इस युद्ध में अपना उतना ही योगदान दिया जितना जवानों ने।
15 अगस्त पर जनता से मांगे सुझाव
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पिछले साल 26 जुलाई को ही शुरु किए गए अपने वेबसाइट 'www.mygov.in' की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि अबतक इस वेबसाइट पर 2 करोड़ लोगों ने विजिट किया है।
इतना ही अलावा इस पर 5 लाख से ज्यादा कमेंट और 50 हजार से ज्यादा सुझाव भी आए हैं। उनमें बताया कि कानपुर के रहने वाले अखिलेश वाजपेयी ने विकलांग लोगों को लेकर आईआरसीटीसी की वेबसाइट में एक बदलाव का सुझाव दिया था जिसको लागू कर दिया गया है।
आगामी 15 अगस्त को देश की जनता को किस मुद्दे पर संबोधित किया इसको लेकर भी उन्होंने चर्चा की। उन्होंने इसके लिए देश की जनता से सुझाव भी मांगे हैं।
कैशलेस ट्रीटमेंट पर हो रहा है विचार
मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम को दौरान एक और महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठाया जिसमें उन्होंने कुछ दिन पहले ही दिल्ली में हुए एक सड़क हादसे की चर्चा की। उन्होंने बताया कि उस हादसे के बाद एक बाइक सवार सड़क पर करीब 10 मिनट तक पड़ा रहा लेकिन किसी ने भी उसकी मदद नहीं की। हमें अपने इस रवैये को बदलना होगा।
उन्होंने सड़क दुर्घटना को लेकर कहा कि देश में हर मिनट एक सड़क दुर्घटना होती है और हर 4 मिनट में इनमें से एक शख्स की मौत हो जाती है। इन आंकड़ों पर चिंता जताते हुए उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए एक बिल लाने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटना के 50 घंटों के भीतर 'कैशलेस ट्रीटमेंट' की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर भी सरकार विचार कर रही है।
मध्यप्रदेश के हरदा जिले के अधिकारियों के 'मल युद्ध अभियान' की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि इन लोगों ने स्वच्छ भारत अभियान को एक नया आयाम दिया है। हरदा के अधिकारी ब्रदर नंबर वन कार्यक्रम चला रहे हैं जिसमें रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को टायलेट का उपहार देने के लिए भाईयों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
PSLV की तारीफ
उन्होंने अपने 'एक्ट ईस्ट' पॉलिसी की चर्चा करते हुए देश के पूर्वोत्तर राज्यों के सर्वांगिण विकास के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की बात भी जनता क सामने रखी। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के लोग काफी एक्टिव हैं और वे पूर्वोत्तर के विकास के लिए लगातार सुझाव भेजते रहते हैं।
अपने मन की बात कार्यक्रम में उन्होंने इसरो के पीएसएलवी सी-28 प्रक्षेपण यान की तारीफ की। उन्होंने बताया कि इस यान के जरिए ब्रिटेन के 5 सैटेलाइट को अंतरिक्ष में स्थापित किया गया जो अबतक का सबसे भारी प्रक्षेपण कार्यक्रम था। हालांकि, उन्होंने देश के छात्रों की विज्ञान के प्रति घट रही रूचि पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि 100 में से केवल एक ही बच्चा ऐसा होता है जो वैज्ञानिक बनना चाहता है। इस दिशा में विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने देश के हर गांव को 24 घंटे बिजली मुहैया कराने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर गांव तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना कार्यक्रम के तहत हर घर को बिजली मुहैया कराने के लिए काम किया जा रहा है।