करोड़ों की योजनाओं संग काशी जाएंगे मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री बनने के बाद दूसरी बार अपने संसदीय क्षेत्र में आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां अभूतपूर्व सुरक्षा बंदोबस्त के बीच सात घंटे रहेंगे। पीएम यहां स्वच्छता और भाजपा के सदस्यता अभियान की समीक्षा करने के साथ ही 500 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को दिल्ली से चलकर सुबह 10:40 बजे वाराणसी पहुंचेंगे और शाम 5:40 बजे वाराणसी से दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान भरेंगे। पीएम के सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए हैं। जल, थल और नभ से निगहबानी होगी।
महामना को नमन के बाद अस्सी का घाट का निरीक्षण
बाबतपुर एयरपोर्ट से पीएम मोदी सड़क मार्ग से लंका पहुंचेंगे। यहां दिन में 11:45 बजे महामना की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अस्सी घाट के लिए रवाना होंगे। घाट की साफ-सफाई का निरीक्षण करने के साथ ही वे अस्सी के समीप स्थित जगन्नाथ गली में सफाई अभियान में खुद श्रमदान करेंगे।
स्वतंत्रता भवन में होगा पीएम का संबोधन
अस्सी घाट से प्रधानमंत्री बीएचयू के स्वतंत्रता भवन के लिए रवाना होंगे। यहां 55 मिनट के कार्यक्रम में वह अंतर विश्वविद्यालयीय केंद्र की आधारशिला रखेंगे। इस केंद्र को पं. मदन मोहन मालवीय राष्ट्रीय शिक्षक एवं शिक्षण मिशन नाम दिया गया है। मोदी यहां लगभग डेढ़ हजार लोगों को संबोधित करेंगे।
बीएचयू से वे सड़क मार्ग से डीरेका जाएंगे जहां दोपहर बाद 2:25 बजे वातानुकूलित इंजन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे डीरेका स्टेडियम में आयोजित समारोह में इंजन कारखाने के विस्तारीकरण की आधारशिला रखेंगे।
डीरेका में करेंगे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
दोपहर बाद 3:30 से शाम 4:30 बजे तक मोदी डीरेका आफिसर्स क्लब में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे जहां से शाम 5:40 बजे दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान भरेंगे।
स्मृति ईरानी और सुरेश प्रभु भी रहेंगे मौजूद
पीएम के आगमन से एक दिन पहले बुधवार को ही मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी, रेल मंत्री सुरेश प्रभु और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) महेश शर्मा वाराणसी पहुंच गए।
स्मृति ईरानी ने यहां धीरेंद्र महिला पीजी कालेज में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम में हिस्सा लिया जबकि पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने काशी के प्रबुद्धजनों के साथ काशी और आसपास के इलाकों में पर्यटन विकास की बाबत चर्चा की। उधर, रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने डीरेका में आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। तीनों ही मंत्री गुरुवार को पीएम के कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
गुरुवार की सुबह एयरपोर्ट पर राज्यपाल राम नाइक, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी पीएम की अगवानी करेंगे।
मोदी को ज्ञापन देने की थी तैयारी, पुलिस ने पकड़ा
बीएचयू में छात्रसंघ बहाली समेत कई मांगों को लेकर गुरुवार को बीएचयू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपने की तैयारी में लगे दो छात्रनेताओं अमित राय और विनय शंकर राय को सिगरा पुलिस ने पकड़ कर जेल भेज दिया। इस दौरान थाने पर पुलिस से उनकी नोकझोंक भी हुई।
छात्रयुवा संघर्ष मोर्चा के संयोजक विनय शंकर राय मुन्ना की अध्यक्षता में बीते सोमवार को भारत माता मंदिर पर हुई बैठक में नेताओं ने लंका से जुलूस निकालकर बीएचयू में प्रधानमंत्री को हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन देने का फैसला हुआ था। इसके मद्देनजर पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए दोनों छात्रनेताओं को जेल भेज दिया। नेताओं की गिरफ्तारी की खबर सुनकर छात्र जेल पर जुटने लगे। गिरफ्तारी से पहले विनय ने कहा कि बीएचयू में लोकतंत्र की हत्या कर सुशासन दिवस मनाना गलत है।
गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के दौरान जुलूस निकाले जाने की खबर से हरकत में आई पुलिस ने बुधवार को अपराह्न तीन बजे विनय और अमित राय को थाने पर बुलाया। अपने कुछ सहयोगियों के साथ वह थाने पर पहुंचे, जहां कुछ देर बैठाने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस और छात्रनेताओं के बीच नोकझोंक भी हुई।