'आसमान चूम रही नरेंद्र मोदी की रेटिंग'
अमरीका के एक जाने-माने थिंक टैंक के अनुसार सत्ता संभालने के एक साल बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रेटिंग आसमान चूम रही है और दो तिहाई लोग देश की अर्थव्यवस्था की दिशा से संतुष्ट हैं।
वॉशिंगटन स्थित प्यू रिसर्च संगठन की ओर से जारी एक सर्वेक्षण के अनुसार 87 प्रतिशत भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अच्छी राय रखते हैं जबकि 68 प्रतिशत ऐसे हैं जो प्रधानमंत्री के बारे में बहुत अच्छी राय रखते हैं।
सर्वेक्षण के अनुसार 56 प्रतिशत लोग देश की दिशा से संतुष्ट हैं और 2013 के दिसंबर में हुए सर्वेक्षण के मुकाबले ये 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इसी सर्वे के अनुसार भारत में अमरीका और राष्ट्रपति ओबामा के बारे में बहुत अच्छी राय है जबकि पाकिस्तान के बारे में सिर्फ 18 प्रतिशत लोग अच्छी राय रखते हैं।
ये सर्वेक्षण 2,452 लोगों के सैंपल का है और इसमें दिल्ली के अलावा 17 में से 15 सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्यों को शामिल किया गया है।
ये सर्वेक्षण इसी साल छह अप्रैल से 19 मई की अवधि के दौरान किया गया। जिन लोगों ने मोदी पर भरोसा जताया है, उनके अनुसार अगले बारह महीनों में भारत की आर्थिक स्थिति और बेहतर होने जा रही है।
मोदी सिलिकॉन वैली से क्या लाएंगे
गौरतलब है कि स्वच्छ शौचालयों, बेरोजगारी, गरीबों की मदद और महंगाई के मुद्दे पर खुद को कांग्रेस समर्थक कहनेवाले लोगों में से भी 60 प्रतिशत ने मोदी के काम की सराहना की है। लेकिन इसी तबके में आधे से ज्यादा लोग ऐसे हैं जो सांप्रदायिक रिश्तों के मामले पर उनकी आलोचना कर रहे हैं।
खुद को कांग्रेस समर्थक कहने वाले इन लोगों में से 56 प्रतिशत ऐसे हैं जो आतंकवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। इसके अनुसार भारत के लोग बढ़ते प्रदूषण और बदलते मौसम से काफी चिंतित हैं।
दुनिया की सात समस्याओं की सूची में भारत में सबसे ज्यादा चिंता बदलते मौसम को लेकर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 73 प्रतिशत लोग बदलते मौसम से चिंतित हैं वहीं 49 प्रतिशत ऐसे हैं जो दुनिया की आर्थिक अस्थिरता से परेशान हैं।
भारत में दो तिहाई लोगों ने अमरीकी राष्ट्रपति और उनकी विदेश नीति पर भरोसा जताया है। प्रधानमंत्री मोदी इसी महीने न्यूयॉर्क में राष्ट्रपति ओबामा से मुलाकात करने वाले हैं।