फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   narendra modi criticise congress

देश को दीमक की तरह चाट रही कांग्रेस: मोदी

Sun, 03 Mar 2013 09:37 PM IST
नई दिल्ली/हरीश लखेड़ा
नई दिल्ली/हरीश लखेड़ा Updated Sun, 03 Mar 2013 09:37 PM IST
विज्ञापन
narendra modi criticise congress

भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के महाधिवेशन में पार्टीजनों से मिले विशेष सम्मान से उत्साहित गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के खिलाफ मैदान-ए-जंग का ऐलान कर दिया है। देश को नेतृत्व देने के लिए तैयार होने का संकेत देते हुए मोदी ने रविवार को यूपीए सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

विज्ञापन


मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस देश को दीमक की तरह चाट रही है और इससे मुक्ति के लिए एक ही दवाई है, भाजपा कार्यकर्ताओं का पसीना। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब कांग्रेस बच नहीं सकती। लोग बदलाव चाहते हैं। इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव को स्वतंत्रता संग्राम की तरह लें।
विज्ञापन


तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित इस महाधिवेशन में दूसरे दिन भी मोदी छाए रहे। कांग्रेस को ‘कमीशन पार्टी’ बताते हुए उन्होंने पहले तो गांधी-नेहरू परिवार पर अपने तरकश से अग्निबाण चलाए और फिर ‘दामाद’ का जिक्र करते हुए अपनी ब्रांडिंग भी कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


चुनावी भाषण जैसे संबोधन में मोदी ने यह जरूर कहा कि भाजपा में यह महत्व नहीं रखता कि प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा। लेकिन अप्रत्यक्ष तौर पर उन्होंने खुद को देश का नेतृत्व करने के लिए विकल्प के तौर पर पेश भी कर दिया।

कांग्रेस से सिर्फ लालबहादुर शास्त्री को योग्य पीए बताकर मोदी ने जवाहरलाल नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक के नेतृत्व पर सवाल उठा दिया। दूसरी तरफ अटल बिहारी वाजपेयी को देश के इतिहास का सबसे योग्य पीएम बताकर उन्होंने यह भी संदेश दिया कि भाजपा ही योग्य पीएम और सुशासन दे सकती है।

10 जनपथ को निशाने पर लेते हुए मोदी ने नाम लिए बगैर कहा कि एक परिवार के लिए कांग्रेस ने देश के साथ अपना भी नुकसान किया है। यह परिवार पर्दे के पीछे से शासन चलाना चाहता है।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ओर संकेत करते हुए मोदी ने कहा कि अपनी महत्वाकांक्षाओं के पोषण के लिए यह परिवार महत्वपूर्ण पदों पर नाइट वॉचमैन बैठा देता है।

मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह की जगह प्रणब मुखर्जी प्रधानमंत्री होते तो देश का इतना नुकसान नहीं होता। लगभग पौन घंटे के भाषण में नेहरू-गांधी परिवार सबसे ज्यादा मोदी के निशाने पर रहा।

कांग्रेस शासन की खामियां गिनाने के बाद मोदी ने अपने विकास मॉडल का जिक्र कर अपनी ब्रांडिंग भी की। उन्होंने बताया कि गुजरात की कमान थामते वक्त राज्य लगभग 6700 करोड़ के घाटे में था, लेकिन सुशासन के चलते अब 4500 करोड़ के फायदे में है।

इससे पहले पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने जैसे ही मोदी का नाम पुकारा, स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मोदी को भाषण शुरू करने के लिए तालियां बंद होने का इंतजार करना पड़ा।

भाजपा लगी चुनावी तैयारियों में
राष्ट्रीय परिषद के महाधिवेशन के तीसरे और अंतिम दिन भाजपा नेताओं के भाषण से तय हो गया कि उन्होंने 2014 लोकसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पार्टी को मजबूत और शासन में सक्षम दल के रूप में जनता के बीच पेश करें।


आडवाणी, सुषमा स्वराज और राजनाथ सिंह ने साफ कहा कि चुनाव में राज्यों की आर्थिक स्थिति, भ्रष्टाचार, देश की आंतरिक सुरक्षा और विदेश नीति को जोर-शोर से मुद्दा बनाया जाएगा।

अंत में मोदी ने कहा
माना कि अंधेरा घना है,
पर दीया जलाना कहां मना है।

मोदी के तीखे तीर
- कांग्रेस देश के लिए दीमक है। इससे मुक्ति की एक ही दवा है, भाजपा कार्यकर्ताओं का पसीना।
- एक परिवार प्रमुख पदों पर नाइट वाचमैन बैठा देता है। ताकि पर्दे के पीछे से सब नियंत्रित करता रहे।
- मनमोहन सिंह के बजाए प्रणब मुखर्जी बेहतर प्रधानमंत्री होते। तब देश को इतना नुकसान नहीं होता।
- भाजपा मिशन पार्टी है और कांग्रेस करप्शन पार्टी है। इसके शासनकाल में हर सौदे में कमीशन लिया गया।
- देश चल पड़ा है। कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का फैसला कर लिया गया है। हमे यह चिंता करना है कि यह जगह योग्य लोग भरें।
- कांग्रेस बच नहीं सकती। हमें विकल्प देना होगा। भाजपा और कमल में दम है। उम्मीदवार कौन है, यह महत्व नहीं रखता।
- लोकसभा चुनाव को दूसरे स्वतंत्रता संग्राम के तौर पर लें। देश को कांग्रेस से मुक्त कराना है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed